वृक्ष पावन धरा का आभूषण – ब्रजेश पाठक
डिप्टी सीएम ने कुकरैल के सूगामऊ वन क्षेत्र में रोपित किया पौधा

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। पर्यावरण को हरा भरा बनाने के लिए वृहद वृक्षारोपण किया गया। बुधवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक अवध वन प्रभाग के सूगामऊ वन क्षेत्र (कुकरैल) में एक पेड़ मां के नाम रोपित करते कहा कि
वृक्ष हमारी पावन धरा का आभूषण हैं। वृक्ष हैं तो हम हैं। वृक्षों की महत्ता हमें समझनी होगी। आज का यह क्षण ऐतिहासिक है, जब हम न केवल अपनी धरती को हरा-भरा बनाने की दिशा में कदम आगे बढ़ा रहे हैं बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और समृद्ध पर्यावरण का निर्माण भी कर रहे हैं।
डिप्टी सीएम ने उत्तर प्रदेश में हरियाली का महाकुम्भ कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्षारोपण महाअभियान- 2025 में कहा कि वर्ष 2017 से लेकर वर्ष 2024 तक प्रदेश में करोड़ों पौधे रोपित किए गए हैं। इससे हमारे हरित आवरण में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। यह उपलब्धि भारतीय वन सर्वेक्षण की रिपोर्ट में भी दर्ज है।
उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश में एक ही दिन में 37 करोड़ पौधे रोपित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। यह केवल एक संख्या ही नहीं बल्कि हमारी सामूहिक इच्छाशक्ति और पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कार्यक्रम स्थल पर बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए, उन्हें सम्मानित भी किया। उन्होंने बच्चों से अपील करते हुए कहा कि अपने स्कूल, कॉलोनी, गली-मोहल्लों में पर्यावरण जागरूकता फैलाएं। नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, वाद-विवाद कार्यक्रमों में सहभागिता करें।
उन्होंने बच्चों को ग्रीन गोल्ड प्रमाण पत्र के साथ एक-एक पौधा भी भेंट किया। साथ ही पौधों को रोपित करने के साथ ही, उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने की भी सभी से अपील की। कार्यक्रम में एमएलसी महेंद्र सिंह, एमएलसी मुकेश शर्मा, एमएलसी रामचंद्र प्रधान, एमएलसी उमेश द्विवेदी, विधायक ओपी श्रीवास्तव, जिलाधिकारी विशाख जी, मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन, संजय पाठक, जिला वन अधिकारी सीतांशु पांडे, प्रेमकांत एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।



