कल यूपी बोर्ड परीक्षाफल की होगी घोषणा
छात्र छात्राओं का इंतजार हुआ ख़त्म

प्रयागराज/लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। यूपी बोर्ड के परीक्षाफल की घोषणा को सुनते ही विद्यार्थियों में कसमस बढ़ गयी। बुधवार को
माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) के सचिव भगवती सिंह ने जानकारी दी है कि वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं का परिणाम 23 अप्रैल को अपराह्न 4 बजे परिषद मुख्यालय, प्रयागराज के सभागार में घोषित किया जाएगा।
परीक्षाफल परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.upmsp.edu.in तथा डिजिलॉकर की वेबसाइट https://results.digilocker.gov.in पर उपलब्ध रहेगा।
सचिव यूपी बोर्ड ने बताया कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च के बीच प्रदेश के 8033 परीक्षा केंद्रों पर 15 कार्यदिवसों में सकुशल संपन्न हुईं। हाईस्कूल में 26.02 लाख तथा इंटरमीडिएट में 24.91 लाख परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। इसके बाद 254 मूल्यांकन केंद्रों पर लगभग
2.75 करोड़ उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से 04 अप्रैल तक 15 कार्यदिवसों में पूर्ण किया गया। त्रुटिहीन परिणाम सुनिश्चित करने के लिए प्रधानाचार्यों एवं वरिष्ठ प्रवक्ताओं को अंकेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया।
उन्होंने बताया कि परिषद ने सभी परीक्षार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं। यदि किसी छात्र को अपने प्राप्त अंकों पर संदेह हो, तो उनके लिए स्क्रूटनी
(Scrutiny) और कंपार्टमेंट (Compartment) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही अभिभावकों से अपील की है कि वे विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाएं और उन्हें मानसिक संबल प्रदान करें।



