मंत्री ने छठ पूजा स्थलों का किया स्थलीय निरीक्षण
महापौर एवं नगर आयुक्त रहे मौजूद

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी छठ पर्व की तैयारियां का जायजा लिया गया। सोमवार को नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा एवं महापौर सुषमा खर्कवाल ने शहर के विभिन्न छठ पूजा घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
इसके अतिरिक्त गोमती नगर स्थित लखनऊ नगर निगम के निर्माणाधीन नवीन मुख्यालय भवन का भी स्थलीय निरीक्षण किया।
भ्रमण के दौरान पिकनिक स्पॉट, कल्याणपुर स्थित छठ पूजा घाट तथा लक्ष्मण मेला मैदान स्थित गोमती नदी के तट पर बने छठ घाट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दोनों घाटों पर चल रही तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
मंत्री एवं महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ पूजा से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
घाटों पर विशेष स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।
निर्माणाधीन नवीन नगर निगम मुख्यालय का लिया जायजा..
इसके पश्चात गोमती नगर स्थित लखनऊ नगर निगम के निर्माणाधीन नवीन मुख्यालय भवन का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई तथा संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
लखनऊ नगर निगम का यह नवीन मुख्यालय आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इससे नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के साथ ही नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, उपविजेता मध्य विधानसभा रजनीश गुप्ता, पार्षद संतोष बलखंडी, अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय, मुख्य अभियंता (आरआर.) मनोज प्रभात सहित नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।



