उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराष्ट्रीय

लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की महान विभूति- केशव प्रसाद मौर्य

केशवप्रसाद मौर्य, जयवीर सिंह रहे मौजूद 

 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर नमन किया गया। रविवार को

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने फिरोजाबाद में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की ऐसी महान विभूति थीं।

जिन्होंने अपने अद्वितीय साहस, दूरदर्शिता, लोककल्याणकारी दृष्टिकोण तथा सुशासन से राष्ट्र निर्माण की अमिट गाथा लिखी। उनका जीवन सेवा, धर्म, संस्कृति और जनकल्याण के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा था, तब लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने न केवल कुशल प्रशासन का परिचय दिया, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण एवं पुनरुत्थान का भी महान कार्य किया।

उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर सहित देश के अनेक प्राचीन मंदिरों, तीर्थस्थलों, घाटों और धर्मशालाओं का पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार कराया। काशी में उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अनेक जनोपयोगी कार्य कराए, जिससे सनातन संस्कृति और आस्था को नई ऊर्जा प्राप्त हुई।

श्री मौर्य ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का साहसिक जीवन प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। विपरीत परिस्थितियों में पति और पुत्र के निधन के बाद भी उन्होंने अदम्य धैर्य, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व का परिचय देते हुए मालवा राज्य को विकास, समृद्धि और सुशासन की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

उन्होंने महिला सशक्तिकरण, न्यायप्रिय शासन और जनसेवा की ऐसी मिसाल प्रस्तुत की, जिसकी चर्चा आज भी पूरे देश में आदरपूर्वक की जाती है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पुनर्स्थापन की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श ‘विरासत और विकास’ की इसी भावना को मजबूत करते हैं।

उनका जीवन हमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सेवा का संकल्प पहुंचाने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर केशव प्रसाद मौर्य ने क्षेत्रीय विधायक प्रेम पाल सिंह धनगर को जन्मदिवस की बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं जनसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने पत्रकार बंधुओं के साथ प्रेस वार्ता कर विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर,

विधायक प्रेम पाल सिंह धनगर, विधायक मनीष असीजा, भाजपा प्रदेश मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों समेत स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button