डिप्टी सीएम ने स्वास्थ्य विभाग में 16 लाख पौधे लगाने का दिया लक्ष्य
सभी जिलों के चिकित्साधिकारियों को दिए निर्देश

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। प्रदेश के सभी जिलों के चिकित्साधिकारियों को पौधरोपण करने का लक्ष्य दिया गया।
बुधवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक विधानसभा स्थित सभागार में प्रदेश के सभी जनपदों के चिकित्साधिकारियों की वर्चुअल बैठक कर निर्देश जारी किये। उन्होंने कहा कि
उत्तर प्रदेश सरकार ने इस वर्ष वृहद पौधारोपण अभियान (वन महोत्सव-2026) के अंतर्गत 35 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है।
इसी के सापेक्ष चिकित्सा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा 16 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हम सभी को इस अभियान को सफल बनाना है। विभागवार पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। डिप्टी सीएम ने कहा कि सिर्फ पौधारोपण ही लक्ष्य नहीं है, उसकी देखभाल का जिम्मा भी हमे ही उठाना है।
उन्होंने सभी जनपदों के चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां पौधारोपण होना है, विभागीय परिसर में उपयुक्त स्थान का चयन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर लें।
डिप्टी सीएम ने बताया कि इस कार्य में कतई लापरवाही न बरती जाए। पौधों की देखरेख करना अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इसके लिए जिलेवार नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जनभागीदारी भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत जिलेवार पौधारोपण की सूची भी जारी की गई।
बैठक में अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा) अमित कुमार घोष, मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ पिंकी जोवेल एवं प्रदेश के सभी जनपदों के चिकित्सा अधिकारी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।



