हर व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ- ब्रजेश पाठक
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान में डिप्टी सीएम बोले

अयोध्या। लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य को हम सभी को संयुक्त रूप से प्रयास कर प्राप्त करना है। उत्तर प्रदेश इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार करें। हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।
शनिवार को यह जानकारी डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक अयोध्या स्थित विश्व हिंदू परिषद ओंकार सभागृह में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान- 2026 प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए दी।
साथ ही उन्होंने प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि हम सभी को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के संकल्प के साथ आगे बढ़ना है।
साथ ही विकसित राष्ट्र के निर्माण के लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु अपने कार्यों को संपादित करना है। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन सबका साथ-सबका विकास के मूल मंत्र के साथ प्रगति पथ पर लगातार अग्रसर है।
हमारा लक्ष्य देश के प्रत्येक नागरिक के जीवन को आसान बनाना और केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा संचालित योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा हर वर्ग के लिए विकास योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इनमें किसान, मजदूर, महिला, युवा, बुजुर्ग सभी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना, आयुष्मान भारत योजना भी संचालित की जा रही है, जिसके तहत पांच लाख रुपए तक का निःशुल्क इलाज लोगों को मुहैया कराया जा रहा है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि पूर्व में घर में अगर कोई व्यक्ति गंभीर बीमारी से ग्रसित हो जाता था तो इसका खामियाजा पूरे परिवार को उठाना पड़ता था। महिलाओं को अपने गहने तक गिरवी अथवा बेचने भी पड़ रहे थे।
उन्होंने कहा कि अब यह स्थिति नहीं है। आयुष्मान भारत योजना से उत्तर प्रदेश के करोड़ों लोग लाभांवित हो रहे हैं। पांच करोड़ से अधिक आयुष्मान भारत कार्ड बना कर उत्तर प्रदेश ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में हम सभी को संयुक्त रूप से कार्य करना है।
इस अवसर पर प्रदेश सहसंयोजक, प्रशिक्षण महाअभियान राजकुमार, भाजपा के लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, एमएलसी मुकेश शर्मा, एमएलसी पवन सिंह चौहान, पूर्व राज्यमंत्री मोहसिन रजा,
विधायक नीरज बोरा, विधायक ओपी श्रीवास्तव, ओमप्रकाश, महामंत्री एवं संयोजक, प्रशिक्षण अभियान, लखनऊ महानगर सत्येंद्र सिंह एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।



