उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

कल से तीन दिवसीय क्षेत्रीय ज्ञान-विज्ञान एवं संस्कृति महोत्सव की होगी शुरुआत 

49 जनपदों से लगभग 12 सौ विद्यार्थी करेंगे प्रतिभाग

 

सुलतानपुर। लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। क्षेत्रीय ज्ञान-विज्ञान एवं संस्कृति महोत्सव में विभिन्न जिलों के विद्यार्थी शामिल होंगे।

विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र द्वारा तीन दिवसीय क्षेत्रीय विज्ञान, गणित एवं संस्कृति महोत्सव-2026 का शुभारंभ 12 नवंबर को यानि कल सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ज्ञान कुंज, विवेकानंद नगर में आयोजन किया जा रहा है।

14 नवंबर को समापन समारोह होगा । इस महोत्सव में क्षेत्र की आठ समितियों एवं चार प्रांतों के सभी 49 जनपदों से लगभग 12 सौ विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे।

बुधवार को प्रेसवार्ता के दौरान विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के संगठन मंत्री हेमचंद्र ने कहा कि वैज्ञानिक चेतना और भारतीय ज्ञान परंपरा के समन्वय से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना विद्या भारती का प्रमुख उद्देश्य है।

प्राण, मन, बुद्धि और आत्मा का विकास विभिन्न ज्ञानेंद्रियों एवं अनुभवों के माध्यम से होता है। इसी दृष्टिकोण को ध्यान में रखकर विद्या भारती विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न पाठ्य सहगामी प्रतियोगिताओं का आयोजन करती है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के क्षेत्र में इन प्रतियोगिताओं का महत्व निरंतर बढ़ रहा है। शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ विद्यार्थी, आचार्य, अभिभावक और संगठन सभी इन गतिविधियों के प्रति सजग हुए हैं।

प्रतिस्पर्धा में वृद्धि भी हमें इन आयोजनों को और अधिक सकारात्मक, रचनात्मक एवं प्रभावी बनाने के लिए प्रेरित करती है। हेमचंद्र ने कहा कि विद्या भारती का उद्देश्य विद्यार्थियों में अपनी संस्कृति के गौरवशाली इतिहास के प्रति भावनात्मक लगाव विकसित करना है।

विद्यार्थी ज्ञानवान, तर्कशील, चरित्रवान और राष्ट्रभक्त नागरिक बनकर राष्ट्रसेवा के लिए तत्पर हों। हमारा लक्ष्य ऐसी युवा पीढ़ी का निर्माण करना है, जो शारीरिक, प्राणिक, मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक रूप से सुदृढ़ हो तथा जीवन की वर्तमान चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सके।

उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, तार्किक क्षमता और भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति गौरव का भाव विकसित करने के साथ ही ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना का भी संचार करना है।

इस मौके पर असिस्टेंट प्रोफेसर एवं प्रबंधक डॉ. पवन सिंह तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी, मीडिया प्रभारी देवेन्द्र कुमार पाठक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button