संस्थान बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने को प्रतिबद्ध – मुक्तिनाथानन्द
विवेकानंद हॉस्पिटल ने ग्रामीण क्षेत्र में लगाया स्वास्थ्य शिविर

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। विवेकानन्द अस्पताल अब शहर के लिए नहीं अपितु ग्रामीण क्षेत्रो तक जरुरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है।
शनिवार को विवेकानन्द पॉलीक्लीनिक एवं आयुर्विज्ञान संस्थान द्वारा रायबरेली जिला अंतर्गत अतुल नर्सिंग होम, सलोन जनपद रायबरेली के सहयोग से निःशुल्क अस्थि रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा आईवीएफ (बांझपन संबंधी समस्याओ के लिए जागरूकता एवं परामर्श शिविर का आयोजित किया गया। वहीं
शिविर में विवेकानन्द अस्पताल चिकित्सकों में डॉ. राहुल सिंह (अस्थि रोग विशेषज्ञ) एवं डॉ. कनुप्रिया जिंदल (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) द्वारा मरीजों का परीक्षण एवं परामर्श प्रदान किया गया। शिविर के दौरान निःशुल्क दवा वितरण के साथ-साथ विभिन्न जांचें भी की गईं।
डॉ. राहुल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में हड्डियों एवं जोड़ों से संबंधित रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। समय पर जांच, उचित व्यायाम एवं संतुलित जीवनशैली अपनाकर इन समस्याओं से बचा जा सकता है।
डॉ. कनुप्रिया जिंदल ने महिलाओं को स्वास्थ्य एवं बांझपन संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच एवं समय पर चिकित्सकीय परामर्श से स्त्री रोग एवं बांझपन संबंधी समस्याओं का प्रभावी उपचार संभव है। इसी क्रम में
संस्थान के सचिव स्वामी मुक्तिनाथानन्द ने कहा कि संस्थान सदैव समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य जनसामान्य में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है।
शिविर में कुल 50 अस्थि रोग के मरीजों तथा 15 स्त्री एवं प्रसूति रोग के मरीजों का परीक्षण एवं परामर्श दिया गया।



