जरूरतमंदों को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: ब्रजेश पाठक

- डिप्टी सीएम ने जनता दर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं, दिए निर्देश
- अधिकारियों को दिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक अपने कर्तव्य पथ पर निरंतर अडिग दिखाई दे रहें हैं। बुधवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक जनता दर्शन में दूरदराज से फरियादियों की समस्या को सुना और त्वरित निस्तारण के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा, उनकी समस्याओं का समाधान और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उपमुख्यमंत्री अपने आवास पर जनता दर्शन के दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों से मुलाकात की। उन्होंने प्रत्येक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं से उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया। किसी ने इलाज एवं आर्थिक सहायता की मांग रखी, तो किसी ने पुलिस कार्रवाई, राजस्व प्रकरण, भूमि विवाद और पारिवारिक समस्याओं के समाधान की गुहार लगाई। उपमुख्यमंत्री ने सभी की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी तथा प्रकरणों की प्रकृति के अनुसार संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कई मामलों में उपमुख्यमंत्री ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर शिकायतों की स्थिति की जानकारी ली और उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को राहत पहुंचाने में संवेदनशीलता के साथ-साथ पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाए। पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नियमानुसार उपलब्ध कराया जाए तथा जरूरतमंदों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।



