कल रक्षा मंत्री उत्तर प्रौद्योगिकी संगोष्ठी का करेंगे उद्घाटन
4 से 6 तक चलेगी उत्तर प्रौद्योगिकी संगोष्ठी

प्रयागराज। लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। भारतीय सेना की उत्तर प्रौद्योगिकी संगोष्ठी में रक्षा तकनिकि शक्तियों का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। जिसे कल यानि सोमवार को
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह प्रयागराज में उत्तर प्रौद्योगिकी संगोष्ठी 2026 का उद्घाटन करेंगे। यह संगोष्ठी भारतीय सेना की उत्तरी कमान और मध्य कमान तथा सोसायटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चररर्स द्वारा संयुक्त रूप से 4 से 6 मई तक प्रयागराज में आयोजित की जा रही है।
यह संगोष्ठी संपूर्ण भारतीय सेना में परिचालन संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए अत्याधुनिक स्वदेशी प्रौद्योगिकियों के प्रदर्शन और एकीकरण के लिए एक जीवंत मंच के रूप में कार्य करेगी।
इस पहल की भावना को संगोष्ठी के लिए चुने गए विषय ‘रक्षा त्रिवेणी संगम – जहां प्रौद्योगिकी, उद्योग और सैनिक कौशल का संगम होता है’ से भलीभांति व्यक्त किया जा सकता है।
इस प्रदर्शनी में देश भर के एमएसएमई,निजी रक्षा प्रौद्योगिकी फर्मों, स्टार्टअप्स और सैन्य कर्मियों सहित कई प्रतिभागी शामिल होंगे। जिसमें 284 कंपनियां अपने नवीनतम नवाचारों और प्रौद्योगिकियों को प्रदर्शित करने के लिए स्टॉल लगाएंगी।
जिसका उद्देश्य फील्ड तैनाती, रखरखाव प्रक्रियाओं के लिए उपयुक्त प्रौद्योगिकियों की पहचान करना और खरीद प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना है। जिससे भारतीय सेना के लिए एक स्थायी, आत्मनिर्भर रक्षा प्रणाली को बढ़ावा दिया जा सके।
भारतीय सेना अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों की परिचालन प्रासंगिकता और बदलती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए निरंतर नवाचार की आवश्यकता पर जोर देती रही है। नॉर्थ टेक सिम्पोजियम 2026 से रक्षा बलों, वैज्ञानिकों, उद्योग जगत के नेताओं और
शैक्षणिक समुदाय के बीच एक सेतु के रूप में कार्य करने की उम्मीद है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और तकनीकी उत्कृष्टता को मजबूत करने के उद्देश्य से सहयोग को बढ़ावा देगा।



