NEET-2026: अभ्यर्थियों को मिलेगी बस किराये में छूट
नगरीय परिवहन बसों में 50 प्रतिशत की छूट का ऐलान

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। प्रदेश की योगी सरकार ने नीट अभ्यर्थियों को किराये में छूट देने की घोषणा की है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश की नगरीय परिवहन बसों में किराए पर 50 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जाएगी।
यह सुविधा 20 जून एवं 21 जून, कुल दो दिनों तक प्रभावी रहेगी। जिससे अभ्यर्थी परीक्षा केन्द्र तक आने-जाने तथा परीक्षा के उपरांत अपने गंतव्य तक लौटने में सुगमता प्राप्त कर सकें।
छूट का लाभ केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगा जो यात्रा के दौरान अपना वैध NEET-2026 प्रवेश पत्र प्रस्तुत करेंगे। सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों, डिपो प्रभारियों, चालकों एवं परिचालकों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि पात्र अभ्यर्थियों को बिना किसी असुविधा के इस सुविधा का लाभ उपलब्ध कराया जा सके।
साथ ही, बस अड्डों, पूछताछ काउंटरों एवं अन्य उपयुक्त माध्यमों के जरिए इस व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक अभ्यर्थी इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
प्रदेश सरकार विद्यार्थियों की सुविधा एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रतिबद्ध है तथा परीक्षा के दौरान उन्हें बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।



