हृदय रोग एवं अस्थि रोग निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
विवेकानंद हॉस्पिटल ने शाहजहाँपुर में लगाया जाँच परामर्श शिविर

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। विवेकानंद अस्पताल द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।
रविवार को विवेकानन्द पॉलीक्लीनिक एवं आयुर्विज्ञान संस्थान द्वारा रामकृष्ण सेवाश्रम, शाहजहाँपुर के सहयोग से विवेकानन्द विद्यापीठ, आवास विकास कॉलोनी, बरेली मोड़, शाहजहाँपुर में निःशुल्क हृदय रोग तथा अस्थि रोग जागरूकता, परीक्षण एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का संचालन संस्थान के प्रो भबतोष विश्वास, वरिष्ठ परामर्शदाता, थोरैसिक एवं कार्डियोवैस्कुलर सर्जरी तथा डॉ. प्रशान्त पाण्डेय, अस्थि रोग एवं जोड़ प्रत्यारोपण विशेषज्ञ, के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया।
साथ ही उन्हें हृदय एवं अस्थि रोगों की रोकथाम, समय पर उपचार तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व के संबंध में भी जागरूक किया गया।
शिविर में रोगियों को निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श निःशुल्क दवाइयाँ तथा आवश्यकता एवं उपलब्धता के अनुसार विभिन्न नैदानिक जाँचों की सुविधा भी प्रदान की गई।
इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में कुल 110 मरीजों ने चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। इनमें 39 हृदय रोग, 71 अस्थि रोग के मरीज शामिल थे।
इसके अतिरिक्त 26 मरीजों की ईसीजी तथा 15 मरीजों की रैण्डम ब्लड शुगर (आरबीएस) जाँच की गई। सभी मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण उपरान्त आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा इस जनहितकारी पहल की सराहना की।
ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त कर इस सेवा का भरपूर लाभ उठाया।
संस्थान सचिव स्वामी मुक्तिनाथानन्द ने कहा कि समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने तथा जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास हैं।



