उत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबरराष्ट्रीय

नकली दूध घी पनीर पर एफएसडीए ने कराई एफआईआर दर्ज 

लाखों रुपयों की नकली खाद्य सामग्री पर एफएसडीए की कार्रवाई 

 

42 डेयरी इकाइयों पर छापे, 116 नमूने, 34 क्विंटल खाद्य पदार्थ जब्त, चार पर एफआईआर दर्ज

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। प्रदेश भर में नकली खाद्य सामग्री के खिलाफ अभियान चलाया गया। जिसमें लाखों कीमत की दूध घी पनीर बरामद की गयी। शनिवार को

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के निर्देशों एवं निर्धारित निरीक्षण बिंदुओं के अनुपालन में प्रदेश के चिन्हित जनपदों में दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से विशेष अन्तर्जनपदीय छापामार प्रवर्तन अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान दूध, पनीर, दही, घी सहित अन्य दुग्ध उत्पादों के निर्माण प्रतिष्ठानों, मिल्क चिलिंग सेंटर, मिल्क कलेक्शन सेंटर एवं गोदामों का निरीक्षण किया गया।

साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता व्यवस्था, कच्चे माल की गुणवत्ता, अभिलेखों के अनुरक्षण, पैकेजिंग एवं लेबलिंग प्रावधानों तथा संभावित मिलावट की गहन जांच करते हुए प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

विशेष अभियान के अंतर्गत 27 अन्तर्जनपदीय टीमों ने 42 दूध एवं दुग्ध उत्पाद निर्माण इकाइयों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जिसमें कुल 116 खाद्य नमूने संग्रहित कर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

साथ ही 34 क्विंटल खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹28.50 लाख है। इसके अतिरिक्त अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में संग्रहीत एवं मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए 9 क्विंटल खाद्य पदार्थों का विनष्टीकरण कराया गया।

जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹8.50 लाख रूपये आँकी गयी है। वहीं गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर अमरोहा, अलीगढ़, बदायूँ एवं मथुरा में कुल चार एफआईआर दर्ज कराई गईं।

मथुरा स्थित अनीता डेयरी पर पूर्व में सील किए गए प्रतिष्ठान को खोलकर बिना लाइसेंस खाद्य पदार्थों का निर्माण करते पाए जाने पर दो नमूने संग्रहित कर एफआईआर दर्ज कराई गई।

अमरोहा में उमंग डेयरी लिमिटेड से पांच नमूने लिए गए। यहां 5,000 किलोग्राम व्हे पाउडर तथा 27,875 किलोग्राम स्क्रैप पाउडर, जिनका कुल मूल्य लगभग ₹25.49 लाख है, जब्त किया गया।

साथ ही अस्वच्छ परिस्थितियों में निर्मित 699 किलोग्राम बटर एवं 99 किलोग्राम पनीर का विनष्टीकरण कराया गया। जांच में वेजिटेबल फैट एवं प्रतिबंधित अपमिश्रकों की सहायता से बटर निर्माण पाए जाने पर एफआईआर दर्ज की गई।

अलीगढ़ के ग्राम सुदेशपुर, चंडौस स्थित बरकत अली की पनीर निर्माणशाला से नौ नमूने लिए गए। मौके पर 200 लीटर दूध एवं 400 किलोग्राम नकली पनीर नष्ट कराया गया तथा अपमिश्रकों की सहायता से नकली पनीर बनाने पर एफआईआर दर्ज की गई।

बदायूँ के ग्राम कोल्हाई स्थित कादरी डेयरी से आठ नमूने लिए गए। यहां चीनी, रिफाइंड पामोलीन ऑयल एवं घी जब्त किया गया तथा 78 लीटर अपमिश्रित दूध का विनष्टीकरण कराया गया। रिफाइंड ऑयल एवं अन्य अपमिश्रकों की सहायता से नकली दूध एवं घी तैयार किए जाने पर एफआईआर दर्ज कराई गई।

अन्य प्रमुख कार्रवाइयों में राधिका डेयरी, बलदेव रोड, मथुरा से तीन नमूने संग्रहित कर 88 किलोग्राम घी जब्त किया गया तथा 130 किलोग्राम अस्वच्छ परिस्थितियों में निर्मित पनीर का विनष्टीकरण कराया गया।

वहीं मधु डेयरी, सादाबाद रोड, मथुरा से चार नमूने लेकर मिलावट के संदेह में 104 किलोग्राम घी जब्त किया गया।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान छोटे एवं खुदरा कारोबारियों अथवा हाकरों का किसी भी प्रकार से उत्पीड़न न किया जाए।

विभाग की कार्रवाई संगठित रूप से मिलावट करने वाले तत्वों के विरुद्ध निरंतर जारी रहेगी तथा आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी संचालित किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button