प्रदेश के 33 जिलों में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत
विधान परिषद सदस्य ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान का किया शुभारम्भ

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। प्रदेश भर में पोलियो रोधी दवा पिलाने की गयी। रविवार को
विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा ने अवंतीबाई जिला महिला अस्पताल में बच्चो को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की ।
इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार हुआ है। बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए हर साल यह अभियान चलाया जाता है।
उन्होंने बताया कि भारत में पोलियो का आखिरी मामला वर्ष 2010 में सामने आया था। साथ ही
राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि पड़ोसी देशों में पोलियो संक्रमण के मामलों को देखते हुए प्रदेश के 33 जिलों में यह अभियान चलाया जा रहा है।
इसके तहत करीब 1.31 करोड़ बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य है। पहले दिन 44,726 बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई।
इसके बाद दूसरे से छठे दिन तक 30,772 टीमें घर-घर जाकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाएंगी। अभियान की निगरानी के लिए 8,945 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।
बस और टेंपो स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा ईंट भट्ठों जैसे दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में बच्चों तक पहुंचने के लिए 2,475 ट्रांजिट टीमें और 1,740 मोबाइल टीमें भी लगाई गई हैं।
इनका उद्देश्य यात्रा करने वाले परिवारों, प्रवासी मजदूरों और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को पोलियो की खुराक से वंचित न रहने देना है।
पोलियो संक्रमण का खतरा घुमंतू आबादी, मलिन बस्तियों, निर्माण स्थलों और ईंट भट्ठों में रहने वाले परिवारों के बच्चों में अधिक रहता है। प्रदेश में 15,539 घुमंतू आबादी वाले क्षेत्रों में 3,51,943 प्रवासी परिवारों को चिह्नित किया गया है।
इनमें 28,790 घुमंतू परिवार, 33,468 निर्माण स्थलों पर रहने वाले परिवार, 86,138 अस्थायी मलिन बस्तियों में रहने वाले परिवार, 57,447 ईंट भट्ठों पर रहने वाले परिवार और 1,46,100 अन्य घुमंतू एवं प्रवासी क्षेत्रों में रहने वाले परिवार शामिल हैं।
प्रत्येक पोलियो अभियान में इन परिवारों के बच्चों का विशेष रूप से टीकाकरण करने पर जोर दिया जाता है।
प्रदेश में नेपाल सीमा पर 30 टीकाकरण पोस्ट स्थापित किए गए हैं, जो पूरे वर्ष संचालित रहते हैं। वर्ष 2026 में अक्टूबर तक इन पोस्टों के माध्यम से 2,11,664 बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा चुकी है।
इसके अलावा, भारत सरकार के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों में पोलियो संक्रमित देशों से आने-जाने वाले यात्रियों को भी पोलियो वैक्सीन दी जा रही है। फरवरी 2014 से अक्टूबर 2026 तक कुल 1,97,260 यात्रियों को पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी है।
7.03 लाख बच्चों को लखनऊ में पिलाई जाएगी दवा..
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. बीएन यादव ने बताया कि लखनऊ में शून्य से पांच वर्ष तक के 7.03 लाख बच्चों को पोलियो से बचाव की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान के पहले दिन आंगनबाड़ी केंद्रों और प्राथमिक विद्यालयों में बनाए गए 2,783 बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई। अभियान के सफल संचालन के लिए 14 डिवीजनल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी ने बताया कि घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 2,204 टीमें बनाई गई हैं।
इसके अलावा 136 मोबाइल टीमें, 237 ट्रांजिट टीमें, 588 सुपरवाइजर और 6,837 वैक्सीनेटर तैनात किए गए हैं। बूथ दिवस पर 209225 बच्चों को दवा पिलाई गई ।
इस अवसर पर अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजना प्रसाद, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सलमान, उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ विनय कुमार ,जिला प्रतिरक्षण स्टाफ से विजय वाजपेई, विश्व स्वास्थ्य संगठन ,
जेएसआई और सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च के प्रतिनिधि एसजीपीजीआई और बलरामपुर के नर्सिंग छात्र, चिकित्सालय का स्टाफ और बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।



