कर्मचारी परिषद महामंत्री ने की प्रमुख सचिव से मुलाक़ात
कर्मचारियों के हित में कार्य करने का दिया आश्वासन

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। कर्मचारियों की भलाई के लिए कर्मचारी परिषद महामंत्री ने प्रमुख सचिव से मुलाक़ात की। गुरुवार को
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री अतुल मिश्र ने वी हेकाली झिमोमी प्रमुख सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग से शिष्टाचार भेंट की ।
ज्ञातव्य हो कि झिमोमी हाल ही में केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति से उत्तर प्रदेश संवर्ग में लौटी हैं और प्रमुख सचिव, वन के रूप में उनकी यह पहली तैनाती है। वहीं अतुल मिश्र ने शिष्टाचार भेंट कर उत्तर प्रदेश संवर्ग में पुनः स्वागत करते हुए आशा
व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व की भाॅति ही वे कर्मचारी हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार की योजनाओं को प्रदेष में लागू करायेंगी तथा उनके नेतृत्व में प्रदेश की हरीतिमा में वृद्धि होगी और वन एवं वन्य जीव विभाग नये कीर्तिमान स्थापित करेगा।
अतुल मिश्र ने राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के साथ सम्बद्ध वन विभाग के कर्मचारी संगठनों की विभिन्न माॅगों से भी प्रमुख सचिव, वन को अवगत कराया तथा कर्मचारी हितों में सार्थक निर्णय किये जाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर वी हेकाली झिमोमी द्वारा राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद का आभार व्यक्त करते हुए वन विभाग के कर्मचारियों को यह संदेश दिया गया कि प्रदेश के वन कर्मी पूरी तन्मयता से अपने राजकीय कार्यों का सम्पादन करें।
जिससे प्रदेश सरकार की नीतियों को शत -प्रतिशत फील्ड स्तर पर लागू कराया जा सके। उन्होने संगठन को अस्वस्थ करते हुए कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के लिये सरकार पूर्ण रूप से संवेदनशील है तथा कर्मचारियों के लिये सार्थक रूप कल्याणकारी कदम उठाये जायेंगे।
उन्होने यह भी आश्वासन दिया कि जल्द ही वे राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के साथ सम्बद्ध वन विभाग के संगठनों के साथ बैठक करके उनकी माॅगों पर भी विचार-विमर्श कर उन्हें हल कराने का कार्य करेंगी।



