EMPARV इंटरनेशनल 2026: में देश दुनिया के स्वास्थ्य विशेषज्ञों का होगा जमावड़ा
आपातकालीन चिकित्सा के आयोजन में डिप्टी सीएम के शामिल होने का आग्रह

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी में चार दिवसीय आपातकालीन चिकित्सा को मजबूत बनाने के लिए देश दुनिया के स्वास्थ्य विशेषज्ञों का जमावड़ा देखने को मिलेगा।
संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान के आपातकालीन चिकित्सा विभाग द्वारा एसोसिएशन ऑफ इमरजेंसी मेडिसिन एजुकेटर्स के तत्वावधान में, EMPARV इंटरनेशनल 2026 का आयोजन 20 से 23 अगस्त तक किया जा रहा है।
EMPARV का विस्तृत रूप है इमरजेंसी मेडिसिन : प्रीपेरडनेस , एक्यूटी , रिज्यूस्किटेशन एंड वर्साटिलिटी “आपातकालीन चिकित्सा तैयारी तत्परता, गंभीरता का आकलन, जीवनरक्षक पुनर्जीवन एवं बहुआयामी दक्षता।
जानें आपातकालीन चिकित्सा के बारे में..
यह आपातकालीन चिकित्सा, ट्रॉमा केयर एवं क्रिटिकल केयर की तैयारी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय अकादमिक मंच है। सम्मेलन में आधुनिक चिकित्सा शिक्षा,
व्यावहारिक कौशल प्रशिक्षण, अनुसंधान तथा बहुविषयक सहयोग पर विशेष बल दिया जाएगा। यह सम्मेलन आपातकालीन चिकित्सा विभाग, संस्थान तथा AEME द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है।
सम्मेलन का उद्घाटन समारोह 23 अगस्त को संस्थान प्रातः 10 बजे से श्रुति ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में सम्मिलित होने के लिए आग्रह किया गया है।
चार दिवसीय सम्मेलन में भारत एवं विदेशों से आपातकालीन चिकित्सा विशेषज्ञ, क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट, ट्रॉमा विशेषज्ञ, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल विशेषज्ञ, शिक्षक, शोधकर्ता और रेजिडेंट चिकित्सक भाग लेंगे।
कार्यक्रम में दो दिनों में आयोजित होने वाली 21 व्यावहारिक कार्यशालाएँ प्रमुख आकर्षण होंगी, जिनका संचालन राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संकाय द्वारा किया जाएगा। इनमें एयरवे प्रबंधन,
ट्रॉमा लाइफ सपोर्ट, ECMO, प्वाइंट-ऑफ-केयर अल्ट्रासाउंड, हीमोडायनामिक मॉनिटरिंग, वेंटिलेशन, टॉक्सिकोलॉजी, न्यूरोलॉजिकल इमरजेंसी, सेप्सिस, ECG एवं ABG की व्याख्या, ब्रोंकोस्कोपी, वैज्ञानिक लेखन, स्वास्थ्य सेवा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा रोगी सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
यह आयोजन संस्थान निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) राधा कृष्ण धीमन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। प्रो आरके सिंह, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, आपातकालीन चिकित्सा विभाग, इस कार्यक्रम के आयोजन अध्यक्ष हैं।
डॉ. संजय सिंघल, प्रोफेसर, आपातकालीन चिकित्सा आयोजन सह-अध्यक्ष हैं। आयोजन समिति में आपातकालीन चिकित्सा शिक्षा के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ शामिल हैं। जिनमें डॉ. अरुणाचलम आइंस्टीन, AEME निदेशक (अंतरराष्ट्रीय), तथा प्रो आशिमा शर्मा, AEME सह-निदेशक, प्रमुख हैं।
EMPARV इंटरनेशनल 2026 का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, वैज्ञानिक, समन्वित और रोगी-केंद्रित चिकित्सा सेवा को बढ़ावा देना है। शैक्षणिक सत्रों, सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण और व्यावहारिक कार्यशालाओं के माध्यम से यह सम्मेलन आपातकालीन एवं अक्यूट केयर सेवाओं की क्षमता को मजबूत करने में मजबूती मिलेगी।



