उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराष्ट्रीय

रक्षा मंत्री उत्तर प्रदेश विधानसभा का किया भ्रमण

विधानसभा अध्यक्ष ने पुष्प गुच्छ भेंट कर किया स्वागत 

 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह यूपी विधानसभा का भ्रमण किया। रविवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश विधानसभा पहुंचे।

जहाँ उनके आगमन पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विधानसभा में किए गए व्यापक नवाचारों, सुदृढ़ व्यवस्थाओं तथा आधुनिकीकरण कार्यों की सराहना की।

राजनाथ सिंह ने सर्वप्रथम डिजिटल गैलरी का अवलोकन किया। जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा के गौरवमयी इतिहास पर आधारित एक विशेष फिल्म देखी। इस फिल्म के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध लोकतांत्रिक परंपरा, ऐतिहासिक निर्णयों और विधायी विकास यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया है।

उन्होंने इस पहल को युवा पीढ़ी के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि विधानसभा में किए गए ये नवाचार जनप्रतिनिधियों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। जिससे विधायी कार्यों में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ेगी।

इसके पश्चात रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विधानसभा परिसर में विकसित विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने हेलिकॉप्टर अनुभव, आधुनिक गलियारों तथा नवीन व्यवस्थाओं को देखा और उनके सुव्यवस्थित क्रियान्वयन की सराहना की।

भ्रमण के दौरान उन्होंने समिति कक्ष, टंडन हाल, सुसज्जित दर्शक दीर्घा, मंडप कक्ष, गैलरी में प्रदर्शित महापुरुषों के चित्रों का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने नवीनीकृत मीडिया कक्ष तथा ऐतिहासिक महत्व के भित्ति चित्रों को भी देखा।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन सभी व्यवस्थाओं से विधानसभा की गरिमा और कार्यक्षमता दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। साथ ही उन्होंने भव्य प्रवेश द्वार और समग्र परिसर के सुदृढ़ एवं आकर्षक स्वरूप की भी प्रशंसा की।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के साथ डिजिटल आत्म-चित्र भी लिया, जो इस महत्वपूर्ण अवसर की स्मृति का प्रतीक बना।

कार्यक्रम के अंत में राजनाथ सिंह को उत्तर प्रदेश विधानसभा में दिए गए महत्वपूर्ण भाषणों के संकलन पर आधारित एक विशेष पुस्तक भेंट की गई। इस पुस्तक में प्रदेश की विधायी परंपराओं, ऐतिहासिक बहसों और महत्वपूर्ण निर्णयों का विस्तृत संकलन प्रस्तुत किया गया है।

रक्षा मंत्री ने इसे अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की। रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विधानसभा ने परंपरा और आधुनिकता का उत्कृष्ट संतुलन स्थापित किया है।

उन्होंने कहा कि श्री महाना के प्रयासों से विधानसभा न केवल तकनीकी रूप से सशक्त हुई है, बल्कि यह जनहितकारी विधायी कार्यों के लिए एक आदर्श मंच के रूप में विकसित हो रही है। रक्षा मंत्री ने कहा कि

आज उत्तर प्रदेश विधानसभा के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध लोकतांत्रिक परंपराओं को नए रूप में जानने-समझने का अवसर मिला।

परिसर में स्थापित ऑडियो-विज़ुअल संग्रहालय ने इसकी विरासत को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। जिसने मुझे गहराई से प्रभावित किया। यह अनुभव सचमुच मेरे लिए स्मृतियों की एक विशेष यात्रा रहा।

मुझे प्रसन्नता है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा लोकतांत्रिक मूल्यों के सुदृढ़ीकरण और जन-जागरूकता के लिए निरंतर सराहनीय प्रयास कर रही है। प्रदेशवासियों से आग्रह है कि वे एक बार इस संग्रहालय का अवश्य भ्रमण करें।

इस पहल के लिए मैं उत्तर प्रदेश सरकार, विशेष रूप से विधानसभा अध्यक्ष शसतीश महाना को बधाई देता हूँ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button