मुख्यमंत्री ने कॉरिडोर एवं नवनिर्मित अत्याधुनिक पॉडकास्ट स्टूडियो का किया उद्घाटन
विधानसभा सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधान भवन के भूतल स्थित नवीनीकृत कॉरिडोर एवं नवनिर्मित अत्याधुनिक पॉडकास्ट स्टूडियो का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुँवर मानवेन्द्र सिंह, उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
आगामी कल सोमवार से प्रारंभ हो रहे 18वीं विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए सभी राजनीतिक दलों से सकारात्मक सहयोग का अनुरोध किया है।
रविवार को विधान भवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि सदन लोकतांत्रिक विमर्श का सर्वोच्च मंच है।
सभी दलों के सहयोग से सदन की कार्रवाई निर्बाध रूप से संचालित होने से सभी सदस्यों को अपनी बात कहने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सदस्यों को अपनी बात रखते समय लोकतांत्रिक मूल्यों एवं विधानसभा के नियमों के अनुरूप संयमित, मर्यादित एवं गरिमापूर्ण भाषा का प्रयोग करना चाहिए।
जिससे सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित हो सके। सतीश महाना ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान सभी दलों के सहयोग से विधानसभा की कार्यवाही सफलतापूर्वक एवं सुचारू रूप से संचालित होती रही है।
उन्हें विश्वास है कि इस बार भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के सहयोग से सदन की कार्यवाही उसी गरिमा, सौहार्द एवं सकारात्मक वातावरण में संचालित होगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि स्वस्थ संसदीय परंपराओं का निर्वहन करते हुए पक्ष और विपक्ष, दोनों की समान भागीदारी लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी सदस्य जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करते हुए सदन की गरिमा बनाए रखेंगे।
चार दिवसीय इस विधानमंडल सत्र के दौरान अनेक महत्वपूर्ण विधायी एवं वित्तीय कार्य संपन्न किए जाएंगे। साथ ही, इस सत्र में पहली बार सदन में ‘वन्दे मातरम्’ का पूर्ण गायन किया जाएगा।
बैठक में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि सदन का सुचारू संचालन सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों के सहयोग से ही संभव है। उन्होंने कहा कि सभी दलों द्वारा सदन की कार्यवाही के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन का आश्वासन देना लोकतांत्रिक परंपराओं को और सुदृढ़ करेगा।
सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, अपना दल (सोनेलाल) के राम निवास वर्मा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की आराधना मिश्रा ‘मोना’, राष्ट्रीय लोकदल के राजपाल सिंह बालियान,
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के ओम प्रकाश राजभर, निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल के रमेश सिंह, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने भाग लिया।
सभी दलों ने विधानसभा अध्यक्ष को सदन के सुचारू संचालन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इसके पूर्व विधानसभा की कार्य-मंत्रणा समिति की बैठक आयोजित हुई। जिसमें आगामी चार दिवसीय विधानमंडल सत्र की कार्यवाही एवं विधायी कार्यक्रम की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य, सुशील कुमार शाक्य, जय प्रताप सिंह, सिद्धार्थ नाथ सिंह, पंकज सिंह, रवि शर्मा, रविदास मेहरोत्रा,
डॉ. संग्राम यादव, आशु मलिक तथा विशेष आमंत्रित सदस्यों राम निवास वर्मा, राजपाल सिंह बालियान, रमेश सिंह, ओम प्रकाश राजभर, आराधना मिश्रा ‘मोना’, कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’, उमाशंकर सिंह एवं राम नरेश अग्निहोत्री उपस्थित रहे।



