दिव्यांगजनों को निःशुल्क यात्रा करने को नवीन सुविधा विकसित – दयाशंकर सिंह
ETIM मशीन पर "कन्फर्म बटन क्लिक करते ही निःशुल्क टिकट होगा जारी

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। बसों में दिव्यांगजनों के लिए अत्याधुनिक सुविधायें लागू की गयी।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की साधारण श्रेणी की बसों में दिव्यांगजनों को निःशुल्क यात्रा अनुमन्य है। निःशुल्क यात्रा को सुविधाजनक एवं पारदर्शी रूप से उपलब्ध कराने के लिए वर्तमान में प्रयुक्त हो रही इटीआईएम मशीनों में दिव्यांगजनों को निःशुल्क यात्रा टिकट जारी किए जाने के लिए एक नवीन सुविधा विकसित की गई है।
गुरुवार को यह जानकारी देते हुए परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि इस सुविधा के अंतर्गत परिचालक द्वारा दिव्यांगजन के पहचान-पत्र (दिव्यांगजन UDID कार्ड ) पर अंकित क्यूआर कोड को इटीआईएम मशीन से स्कैन कर, सीधे निःशुल्क टिकट निर्गत किया जा सकेगा।
इससे दिव्यांगजनों को त्वरित, सुगम एवं पारदर्शी रूप से निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी।
परिवहन मंत्री ने बताया कि परिचालक द्वारा ETIM मशीन के माध्यम से दिव्यांगजन को निःशुल्क टिकट के लिए दिव्यांगजन यात्री से बोर्डिंग एवं Alighting स्टापेज पूछकर ETIM मशीन में अंकित किया जायेगा।
तत्पश्चात् ETIM मशीन पर प्रदर्शित ‘दिव्यांगजन’ बटन पर परिचालक क्लिक करेगा। परिचालक दिव्यांगजन यात्री से दिव्यांगजन UDID Card प्राप्त कर ETIM मशीन से उस UDID कार्ड पर अंकित क्यूआर कोड को स्कैन करेगा। क्यू आर कोड स्कैन होने पर ETIM मशीन की स्क्रीन पर दिव्यांगजन का निम्न विवरण प्रदर्शित होगा।
UDID No. नाम , डेट ऑफ़ बर्थ , Disability टाइप , Disability परसेंटेज एवं Masked आधार नंबर Disability परसेंटेज के आधार पर मशीन द्वारा निःशुल्क टिकटों की संख्या स्वतः निम्नवत् निर्धारित होगी। न्यूनतम 40% से 80% तक Disability परसेंटेज होने पर 1 निःशुल्क टिकट जारी होगा।
80% से अधिक Disability परसेंटेज होने पर 2 निःशुल्क टिकट जारी होंगे।
परिचालक प्रदर्शित सूचना के अवलोकन उपरान्त ETIM मशीन पर “Confirm” बटन क्लिक करेगा। परिचालक द्वारा “कन्फर्म ” बटन क्लिक करने पर ETIM मशीन से दिव्यांगजन का शून्य मूल्य (०) का निःशुल्क टिकट निर्गत हो जाएगा।
परिवहन मंत्री ने बताया कि परिचालक द्वारा ETIM मशीन से दिव्यांगजन को निर्गत टिकट का वास्तविक मूल्य उस परिचालक एवं बस सेवा के लोडफैक्टर तथा प्रतिफलो की गणना में सम्मिलित रहेगा।
एएफसी पोर्टल पर दिव्यांगजन यात्रियों की यात्रा रिपोर्ट भी पृथक से उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि यदि किसी दशा में दिव्यांगजन कार्ड पर अंकित क्यूआर कोड स्कैन होने की स्थिति में न हो, तो परिचालक द्वारा पूर्व की भाँति दिव्यांगजन को यात्रा करायी जाए।


