एडीजी मेजर जनरल ने 19 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी का किया दौरा
मेजर जनरल ने एनसीसी कैडेट्स का बढ़ाया उत्साह

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। एडीजी मेजर जनरल ने एनसीसी कैडेट्स का उत्साह बढ़ाया। गुरुवार को
एएमसी सेंटर में आयोजित एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 222 के अंतर्गत एनसीसी के अपर महानिदेशक (ADG), उत्तर प्रदेश निदेशालय, मेजर जनरल गौरव गौतम, विशिष्ट सेवा मेडल ने 19 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी द्वारा शिविर का दौरा किया गया ।
इस अवसर पर उन्होंने लगभग 500 बालिका कैडेट्स के अनुशासन, प्रशिक्षण, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया।
कैडेट्स के उत्साह, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर उन्होंने उनकी सराहना की तथा उनका मनोबल बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम कैम्प कमांडेंट कर्नल दिनेश कुमार पाठक द्वारा सभी स्टाफ का परिचय कराया गया तत्पश्चात कैडेट्स द्वारा एडीजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
इसके पश्चात कैडेट्स ने सेक्शन फॉर्मेशन के अंतर्गत ‘फायर एंड मूव’ का प्रदर्शन किया तथा स्क्वॉड ड्रिल के माध्यम से अपने अनुशासन, समन्वय और प्रशिक्षण कौशल का परिचय दिया।
कैडेट्स की प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर उन्होंने उनके प्रदर्शन की प्रशंसा की। उन्होंने अपने संबोधन एवं कैडेट्स के साथ संवाद के दौरान मेजर जनरल गौरव गौतम ने महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास के महत्व पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं को सशक्त, आत्मविश्वासी एवं जागरूक होना चाहिए तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहते हुए जीवन में आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने बालिका कैडेट्स के प्रति अपना विशेष सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
एडीजी ने कैडेट्स से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया और उनसे एनसीसी प्रशिक्षण, कक्षाओं में पढ़ाए जाने वाले विषयों तथा नेतृत्व के गुणों से संबंधित प्रश्न पूछे।
उन्होंने कैडेट्स के ज्ञान, समझ और उत्तर देने के आत्मविश्वास की सराहना की। प्रत्येक कैडेट के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करना, उनका उत्साहवर्धन करना और उनकी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना उनके इस दौरे की विशेष उपलब्धि रही।
कैडेट्स के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं प्रश्नों के संतोषजनक उत्तरों से प्रसन्न होकर उन्होंने अनेक कैडेट्स को नकद पुरस्कार, उपहार एवं मेडल प्रदान किए।
उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी अवलोकन किया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के पश्चात प्रतिभागी कैडेट्स को तत्काल नकद पुरस्कार एवं मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने कैडेट्स के साथ हाथ मिलाकर तथा उनके साथ फोटो एवं सेल्फी लेकर उन्हें प्रोत्साहित किया। उनके इस सहज, प्रेरणादायी एवं प्रोत्साहनपूर्ण व्यवहार से कैडेट्स में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर लखनऊ ग्रुप मुख्यालय से डिप्टी कमांडर कर्नल अभिषेक सिंह गौतम भी उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर में संचालित प्रशिक्षण गतिविधियों, कैडेट्स के प्रदर्शन तथा विभिन्न कार्यक्रमों की सराहना की।
एडीजी का यह दौरा बालिका कैडेट्स के लिए अत्यंत प्रेरणादायी रहा। उनके विचारों एवं प्रोत्साहन से कैडेट्स को अपने भीतर नेतृत्व क्षमता विकसित करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, अनुशासन बनाए रखने तथा राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा मिली।
यह कार्यक्रम एनसीसी के मूल उद्देश्यों चरित्र निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व विकास, राष्ट्रीय एकता एवं महिला सशक्तीकरण को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा।



