उत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबर

कैंसर के सटीक निदान में पैथोलॉजी की अहम भूमिका- प्रो एमएलबी भट्ट 

कैंसर संस्थान में डिजिटल पैथोलॉजी लैब का उद्घाटन

 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। कैंसर उपचार में डिजिटल पैथोलॉजी लैब की उपलब्धियों को बताया गया । मंगलवार को

कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान के ऑन्कोपैथोलॉजी विभाग द्वारा पैथोलॉजी स्थापना दिवस का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो एमएलबी भट्ट ने विभाग में स्थापित डिजिटल पैथोलॉजी लैब का उद्घाटन किया। इस नई सुविधा से कैंसर के नमूनों की जांच एवं रोगों के निदान की प्रक्रिया को आधुनिक तकनीक से और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ ऑन्कोपैथोलॉजी विभाग की एडिशनल प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. दीप्ति मिश्रा द्वारा स्वागत संबोधन एवं विभागीय प्रगति के संक्षिप्त विवरण के साथ हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मेदांता के पैथोलॉजी एवं लैब मेडिसिन विभाग की निदेशक प्रो. मधुमति गोयल उपस्थित रहीं।

वहीं संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान के पैथोलॉजी विभाग के प्रोफेसर एवं डीन प्रो. मनोज जैन ने स्थापना दिवस व्याख्यान दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक प्रो. एमएलबी भट्ट ने की।

इस अवसर पर प्रो एमएलबी भट्ट ने कहा कि कैंसर के सटीक एवं समयबद्ध निदान में पैथोलॉजी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

आधुनिक तकनीक और डिजिटल पैथोलॉजी जैसी सुविधाओं के माध्यम से जांच की गुणवत्ता, कार्यक्षमता तथा विशेषज्ञों के बीच सहयोग को बेहतर बनाया जा सकता है।

स्थापना दिवस व्याख्यान में प्रो. मनोज जैन ने “कैंसर पैथोलॉजी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अनुप्रयोग, चुनौतियां एवं भविष्य की संभावनाएं” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

उन्होंने कैंसर के निदान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती उपयोगिता तथा पैथोलॉजी के क्षेत्र में इसके संभावित योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान फ्रोजन सेक्शन में नमूनों को फ्रीज करने के संबंध में आवश्यक संकेतों, निषेधों एवं प्रक्रिया को स्थगित करने की परिस्थितियों पर भी चर्चा की गई।

इसके अतिरिक्त क्विज प्रतियोगिता तथा पोस्टर एवं मीम प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. विजेंद्र कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ वरुण विजय, डीन डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता तथा कार्यकारी रजिस्ट्रार डॉ. आयुष लोहिया सहित अन्य संकाय सदस्य, रेसिडेंट्स, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी गण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की आयोजन अध्यक्ष एवं ऑन्कोपैथोलॉजी विभाग की एडिशनल प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. दीप्ति मिश्रा ने विभाग की प्रगति एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।

आयोजन सचिव एडिशनल प्रोफेसर डॉ श्रेष्ठा घोष तथा संयुक्त आयोजन सचिव असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ प्रियंका समीर ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button