GIMS एवं GBU के बीच एमओयू
चिकित्सकीय अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए समझौता

ग्रेटर नोएडा। लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। शोध के क्षेत्र में बढ़ावा देने के लिए दो संस्थानों के बीच समझौता किया गया।
गुरुवार को गवर्नमेंट इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज तथा गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (GBU), ग्रेटर नोएडा ने शिक्षा, अनुसंधान, प्रशिक्षण एवं नवाचार के क्षेत्र में एक सुव्यवस्थित और दीर्घकालिक साझेदारी स्थापित करने के उद्देश्य से एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए ।
जीआईएमएस की ओर से डॉ. सौरभ श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जीआईएमएस तथा जीबीयू की ओर से प्रो. चंदर कुमार सिंह (रजिस्ट्रार, जीबीयू) ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
यह सहयोग संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं (जिसमें बहुकेंद्रीय एवं अनुवादात्मक, ट्रांसलेशनल शोध शामिल है), छात्र, रेज़िडेंट एक्सचेंज कार्यक्रमों, तथा संयुक्त अकादमिक गतिविधियों (शॉर्ट कोर्स, सेमिनार, कार्यशालाएँ, प्रशिक्षण एवं सम्मेलन) को सक्षम करेगा।
साथ ही कैंसर, संक्रमण, एजिंग (वृद्धावस्था), गैर-संचारी रोग, चिकित्सा अनुसंधान, डेटा एनालिटिक्स एवं संबंधित क्षेत्रों जैसी प्राथमिकताओं पर संयुक्त पीएचडी कार्यक्रम एवं संयुक्त शोध केंद्र स्थापित करने की संभावनाओं का भी अन्वेषण किया जाएगा।
एमओयू में लागू नैतिकता (Ethics), जैव-सुरक्षा (Biosafety) और नियामकीय आवश्यकताओं के अनुपालन पर विशेष बल दिया गया है तथा बौद्धिक संपदा अधिकार (IP), गोपनीयता और प्रकाशन से संबंधित प्रावधान भी सम्मिलित हैं।
यह साझेदारी दोनों संस्थानों के लिए लाभकारी होने की अपेक्षा है, क्योंकि इसमें जीबीयू की बहुविषयी अकादमिक एवं तकनीकी क्षमताओं को जीआईएमएस के शोध एवं क्लिनिकल इकोसिस्टम तथा मरीज-आधारित ट्रांसलेशनल रिसर्च वातावरण के साथ जोड़ा जाएगा।
इससे अनुदान (ग्रांट) प्राप्ति, कौशल विकास, संयुक्त मार्गदर्शन/सुपरविजन, नवाचार से क्लिनिक तक (innovation-to-clinic) मार्ग, तथा क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राथमिकताओं हेतु शोध निष्कर्षों का क्लिनिकल सत्यापन तेज होने की संभावना है।
समारोह में जीआईएमएस की ओर से उपस्थित प्रतिनिधिमंडल में डॉ. (ब्रिग.) राकेश गुप्ता (निदेशक), डॉ. सौरभ श्रीवास्तव (सीएमएस), डॉ. रंभा पाठक (डीन अकादमिक्स), डॉ. बीएस यादव (प्रशासनिक अधिकारी), डॉ. देवेश शर्मा (सहायक प्रभारी, चिकित्सा अनुसंधान विभाग),
डॉ. रवि कुमार चौधरी (वरिष्ठ वैज्ञानिक, चिकित्सा अनुसंधान विभाग) तथा डॉ. रॉबिन मारवाल (वरिष्ठ वैज्ञानिक, चिकित्सा अनुसंधान विभाग) शामिल रहे। वहीं जीबीयू की ओर से प्रो. राणा प्रताप सिंह (कुलपति),
प्रो. चंदर कुमार सिंह (रजिस्ट्रार), प्रो. राजीव वर्मा (डीन अकादमिक्स), प्रो. एस. धनालक्ष्मी (डीन P&R), डॉ. रेखा पुरिया (विभागाध्यक्ष) तथा अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।



