उत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबर

बच्चों को श्वसन संक्रमण से बचाने में पीसीवी टीकाकरण बना सुरक्षा कवच 

राज्य टीकाकरण अधिकारी अभिभावकों से टीकाकरण कराने की अपील 

 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। बच्चों को श्वसन संबंधी संक्रमण से बचाव के लिए पीसीवी टीकाकरण कराने की अपील की गयी।

पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों, विशेषकर शिशुओं के लिए गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बताया जा रहा है । सर्दियों के मौसम में ठंड और वायु प्रदूषण के कारण बच्चों में श्वसन संबंधी संक्रमण और निमोनिया का खतरा बढ़ जाता है।

ऐसे में बच्चों को इस गंभीर बीमारी से बचाने में न्यूमोकोकल कॉन्जुगेट वैक्सीन (पीसीवी) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उत्तर प्रदेश में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत पीसीवी की निर्धारित खुराकों का कवरेज लगभग 98 प्रतिशत पहुंच चुका है।

वहीं बुधवार को राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि प्रदेश में बच्चों को निमोनिया से सुरक्षित रखने के लिए व्यापक स्तर पर टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश ने देश के अग्रणी राज्यों में रहते हुए वर्ष 2017 में ही पीसीवी टीकाकरण की शुरुआत कर दी थी। प्रारंभ में इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया गया और वर्ष 2020 तक प्रदेश के सभी जिलों में इसका विस्तार कर दिया गया।

इसके बाद वर्ष 2021 में पीसीवी को देशभर के नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किया गया। प्रदेश में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत बच्चों को विभिन्न गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

वित्तीय वर्ष 2023-24 में उत्तर प्रदेश में पूर्ण टीकाकरण का कवरेज 99.41 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो राज्य में टीकाकरण सेवाओं की व्यापक पहुंच और प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाता है।

पीसीवी टीकाकरण के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में लगभग 57,21,205 बच्चों को पहली खुराक, 55,62,351 बच्चों को दूसरी खुराक तथा 57,39,982 बच्चों को बूस्टर खुराक दी गई।

वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर माह तक लगभग 26,75,428 बच्चों को पहली खुराक, 26,44,619 बच्चों को दूसरी खुराक तथा 27,84,459 बच्चों को बूस्टर खुराक दी जा चुकी है।

ग्लोबल एलायंस फॉर वैक्सीन्स एंड इम्यूनाइजेशन की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, भारत में पीसीवी टीकाकरण का कवरेज वर्ष 2019 में 56 प्रतिशत था, जो बढ़कर वर्ष 2025 में 80 प्रतिशत हो गया है।

इस उपलब्धि में उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रदेश में वर्ष 2017 में ही पीसीवी टीकाकरण की शुरुआत और वर्ष 2020 तक सभी जिलों में इसके विस्तार से बच्चों तक निमोनिया से बचाव की इस महत्वपूर्ण सुविधा की पहुंच सुनिश्चित करने में मदद मिली है।

डॉ. अजय गुप्ता ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का समय पर और पूर्ण टीकाकरण अवश्य कराएं।

उन्होंने बताया कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित टीकाकरण की सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। प्रदेश का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे और प्रत्येक बच्चे को निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित बचपन मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button