उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराष्ट्रीय

पीएम मोदी ने किसानों के खाते में दिवाली से पहले जारी की 24 वीं किस्त 

कृषि मंत्री ने अन्नदाताओं की तरफ से प्रधानमंत्री का जताया आभार

 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। दिवाली से पहले किसानों के खाते में 24 वीं किस्त जारी की गयी। शुक्रवार को

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की।

इस अवसर पर देश भर के 9.34 करोड़ से अधिक अन्नदाताओं के खातों में ₹18,690 करोड़ से अधिक की धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी गई।

इस योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के 2.24 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं। जिनके बैंक खातों में ₹4,482.19 करोड़ की सम्मान राशि सीधे अंतरित की गई।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दीपावली से पूर्व मिले इस महत्वपूर्ण उपहार के लिए उत्तर प्रदेश के समस्त किसानों की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर राजधानी लखनऊ के तेलीबाग स्थित भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उपस्थित कृषकों के साथ वर्चुअल माध्यम से जुड़कर प्रधानमंत्री का संबोधन सुना गया।

इस दौरान कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सीआरएम योजना के अंतर्गत कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना हेतु लाभार्थी किसानों को 80 प्रतिशत अनुदान पर अनुमन्य ट्रैक्टरों की प्रतीकात्मक चाबियां सौंपी गईं।

इसके साथ ही उत्पादकता बढ़ाने के लिए उन्हें दलहन एवं तिलहन के उन्नतशील बीजों की मिनीकिट का भी वितरण किया गया तथा प्रदेश व देश के सभी अन्नदाता किसानों को दीपावली महापर्व की बधाई दी गई।

श्री शाही ने कहा कि अन्नदाता किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने, उनकी आमदनी में वृद्धि करने और खेती की लागत कम करने के संकल्प के साथ डबल इंजन की सरकार पूरी प्रतिबद्धता से निरंतर कार्य कर रही है।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष ₹6,000 की आर्थिक सहायता ₹2,000 की तीन समान किस्तों में उपलब्ध कराई जाती है।

प्रधानमंत्री द्वारा 24 फरवरी 2019 को गोरखपुर से शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत अब तक उत्तर प्रदेश के किसानों को कुल ₹1,07,943.95 करोड़ की वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है।

इस वर्चुअल कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, प्रमुख सचिव कृषि एम. के. शनमुगा सुंदरम, महानिदेशक (उपकार) संजय सिंह, निदेशक कृषि टीएम त्रिपाठी, भारतीय गन्ना अनुसंधान

संस्थान के निदेशक एसएन सुशील, उत्तर प्रदेश बीज प्रमाणीकरण संस्था की निदेशक कनीज फातिमा तथा अपर निदेशक योगेश प्रताप सिंह सहित कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व सम्मानित किसान उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button