प्रशिक्षण के माध्यम से समाज में फैली भ्रांतियों को निकालने में मिलती मदद – डॉ पीके श्रीवास्तव
लैंगिक समानता और गैर-संचारी रोगों की रोकथाम पर कार्यशाला

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। समाज में फैली भ्रान्तियों को दूर करने के लिए प्रशिक्षण दिया गया। गुरुवार को
बलरामपुर जिला चिकित्सालय के विज्ञान भवन में फैमिली प्लानिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सहयोग से “यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य एवं अधिकार तथा गैर-संचारी रोग” विषय पर दो दिवसीय क्षमता संवर्धन पर प्रशिक्षण दिया गया।
जिसमें प्रशिक्षण के दौरान 25 युवा स्वयंसेवकों एवं युवा नेतृत्वकर्ताओं ने भाग लिया। जिसका उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना, लैंगिक समानता को
प्रोत्साहित करना, जीवन कौशल एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा युवा-अनुकूल स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच को सुदृढ़ बनाना था।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए चिकित्सा अधीक्षक एवं एनसीडी नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने कहा आज के युवाओं को वैज्ञानिक एवं विश्वसनीय स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।
ऐसे प्रशिक्षण से उन्हें समाज में फैली भ्रांतियों को बाहर निकालने में मदद और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने इस पहल के लिए एफपीएआ की सराहना करते हुए संस्था का आभार व्यक्त किया। साथ ही
डॉ. सुजाता देव, प्रोफेसर एवं नोडल अधिकारी, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर एडोलसेंट हेल्थ एंड डेवलपमेंट केजीएमयू ने कहा कि उत्तर प्रदेश में किशोर एवं युवा स्वास्थ्य अभी भी एक महत्वपूर्ण चुनौती बना हुआ है।
किशोरावस्था में मातृत्व, बाल विवाह, एनीमिया और लैंगिक असमानता जैसी समस्याएं युवाओं के समग्र विकास को प्रभावित करती हैं। इसके अलावा असुरक्षित गर्भपात, यौन एवं लैंगिक हिंसा तथा स्वास्थ्य संबंधी सीमित जानकारी भी गंभीर चिंताओं में शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण युवाओं को आवश्यक जानकारी और सेवाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।
डॉ. सुजाता देव ने व्यापक यौन शिक्षा, सहमति की समझ, लैंगिक समानता तथा किशोर-अनुकूल एवं गोपनीय स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने युवाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और सहयोगात्मक वातावरण विकसित करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. रजनी गंधा, क्लिनिकल मनोवैज्ञानिक, एनसीडी प्रकोष्ठ, सैयद रज़ा हुसैन ज़ैदी, सौम्या सिंह, प्रीति एम. शाह ने विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ सत्र में जानकारी साझा की।
कार्यक्रम का समन्वयन राहुल द्विवेदी, ब्रांच मैनेजर, तथा वर्तिका दुबे, प्रोग्राम ऑफिसर, एफपीए इंडिया द्वारा किया गया।
समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने अपने-अपने समुदायों में स्वास्थ्य जागरूकता, लैंगिक समानता और गैर-संचारी रोगों की रोकथाम से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।



