उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

राजधानी में इको हाई-टेक नर्सरी’ विकसित कार्य जोरों पर 

महापौर ने ‘इको हाई-टेक नर्सरी’ का लिया जायजा 

 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी को हरा भरा बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

शहर में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा कुर्सी रोड स्थित बसहा में अत्याधुनिक “इको हाई-टेक नर्सरी” विकसित की जा रही है।

शनिवार महापौर सुषमा खर्कवाल एवं अपर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव ने निर्माणाधीन नर्सरी का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

1.2 हेक्टेयर क्षेत्र में तैयार हो रही आधुनिक नर्सरी कार्य जोरों पर..

करीब 1.2 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित यह नर्सरी आधुनिक तकनीक और पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं से लैस होगी। नगर निगम के अनुसार यह नर्सरी उत्तर प्रदेश की सबसे आधुनिक नर्सरियों में शामिल होगी। यहां पौधों के उत्पादन से लेकर रखरखाव तक सभी कार्य वैज्ञानिक और मशीनीकृत पद्धति से किए जाएंगे।

वैज्ञानिक तरीके से तैयार होंगे पौधे..

नर्सरी में सबसे पहले पौधों के लिए पोषक मीडिया तैयार किया जाएगा और ट्रे की सफाई की जाएगी। इसके बाद अत्याधुनिक मशीनों की मदद से बीजों की बुवाई होगी। अंकुरण के लिए विशेष जर्मिनेशन चैंबर तैयार किया जा रहा है, जहां तापमान और नमी को नियंत्रित रखा जाएगा। इससे हर महीने बड़ी संख्या में स्वस्थ पौधे तैयार किए जा सकेंगे।

पौधों की सुरक्षा के लिए बन रहे पॉलीहाउस और शेडनेट हाउस..

अंकुरित पौधों को मजबूत बनाने के लिए हार्डनिंग चैंबर की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही पौधों को सुरक्षित रखने के लिए पॉलीहाउस, ग्रीन शेडनेट हाउस और पॉली टनल बनाए जा रहे हैं।

ये संरचनाएं पौधों को अत्यधिक गर्मी, बारिश और कीटों से सुरक्षा प्रदान करेंगी। नर्सरी में एक बड़ा ओपन फील्ड क्षेत्र भी विकसित किया जा रहा है, जहां पौधों की गुणवत्ता और क्षमता का परीक्षण किया जाएगा।

सौर ऊर्जा से संचालित होगी पूरी नर्सरी..

इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि पूरी नर्सरी सौर ऊर्जा से संचालित होगी। इसके लिए 20 किलोवाट क्षमता का ऑफ-ग्रिड सोलर पावर प्लांट लगाया जा रहा है। पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था होने के कारण इसे “इको हाई-टेक नर्सरी” नाम दिया गया है। इससे ऊर्जा की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

आम लोगों को उचित दरों पर मिलेंगे पौधे.

नर्सरी में देश-विदेश की उन्नत किस्मों के फूल, सब्जियां और सजावटी पौधे तैयार किए जाएंगे। नगर निगम का कहना है कि आम नागरिक यहां से अच्छी गुणवत्ता वाले पौधे उचित और किफायती दरों पर खरीद सकेंगे। इससे शहर में हरियाली बढ़ाने के साथ लोगों को बागवानी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में मदद मिलेगी।

रोजगार और सौंदर्यीकरण को मिलेगा बढ़ावा..

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि यह परियोजना लखनऊ को “ग्रीन सिटी” बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

इससे शहर के सौंदर्यीकरण के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। नगर निगम द्वारा भविष्य में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की पर्यावरण अनुकूल परियोजनाएं विकसित करने की योजना बनाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button