BSP विधायक के ठिकानों पर IT रेड खत्म, 10 करोड़ नकदी बरामद
आईटी रेड से बढ़ा राजनीतिक पारा

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। बीएसपी विधायक के ठिकानों पर आईटी रेड से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई।
राजधानी लखनऊ में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के घर पर बुधवार से चल रही आयकर विभाग की छापेमारी गुरुवार को समाप्त हो गई। सूत्रों के मुताबिक, उनके आवास से करीब 10 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई है।
हालांकि उनके कार्यालय और अन्य ठिकानों पर कार्रवाई अभी जारी है। गोमतीनगर के विपुलखंड स्थित आवास पर जांच पूरी कर ली गई है।
30 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ आईटी की छापमारी
बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ, बलिया, सोनभद्र, कौशांबी, मिर्जापुर और प्रयागराज समेत 30 से अधिक स्थानों पर एक साथ छापे मारे गए। 50 से ज्यादा अधिकारियों की टीमें सुबह 11 बजे से देर रात तक जांच में जुटी रहीं।
खबर लिखे जाने तक तीन करोड़ रुपये से अधिक की नकदी की गिनती हो चुकी थी, जो बाद में बढ़कर करीब 10 करोड़ बताई जा रही है।
आयकर विभाग की टीमों ने छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी के कॉरपोरेट ऑफिस और वजीर हसन रोड स्थित करीबी ठेकेदार फैजी के ठिकानों को भी खंगाला। इसके अलावा सोनभद्र में साईं राम इंटरप्राइजेज के नाम से खनन कारोबार से जुड़े सीबी गुप्ता समेत कई कारोबारियों के यहां भी जांच जारी है।
अवैध खनन से जुड़े दस्तावेज मिलने की चर्चा
बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान टैक्स चोरी और बेनामी संपत्तियों से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। आयकर विभाग को सोनभद्र और मिर्जापुर में बीते वर्षों के अवैध खनन से जुड़े दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिनमें कथित तौर पर कुछ अधिकारियों के नाम और भुगतान का उल्लेख है।
गौरतलब है कि बीते वर्ष भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट में सोनभद्र में अवैध खनन से करीब 60 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की बात सामने आई थी। माना जा रहा है कि इसी रिपोर्ट के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई।
बरातियों के अंदाज में पहुंची टीम
बलिया में विधायक के आवास पर छापा मारने के लिए आयकर विभाग ने अलग रणनीति अपनाई। टीम सरकारी गाड़ियों के बजाय शादी वाले स्टिकर लगी निजी गाड़ियों से पहुंची, ताकि किसी को शक न हो।
‘महेंद्र कुमार संग संगीता कुमारी’ नाम के स्टिकर लगाकर अधिकारी चुपचाप आवास तक पहुंचे और कार्रवाई शुरू कर दी। फिलहाल आयकर विभाग पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है और कई अहम खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
वहीं आई टी की छापेमारी पर भाजपा के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने मुखर होकर कहा उमाशंकर सिंह कैंसर बीमारी से जूझ रहें हैं ऐसे समय में कार्रवाई जायज नहीं है। साथ ही समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी आईटी रेड पर सवाल उठाये।



