कलयुगी बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट
शव के किये कई टुकड़े, जाँच में जुटी पुलिस

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी में कलयुगी बेटे ने पिता को मौत के घाट उतार दिया।
जिसमें बेटे ने पिता किसी विवाद पर पहले गोली मारी और घटना को छुपाने के लिए शव के कई टुकड़े कर फेंक दिए। सोमवार को आशियाना पुलिस ने घटना का अनावरण किया। वहीं गुमशुदगी की जांच के दौरान हत्या की घटना का अनावरण किया।
ज्ञात हो कि थाना आशियाना पर पंजीकृत गुमशुदगी संख्या 06/26, संबंधित गुमशुदा मानवेंद्र सिंह पुत्र सुरेंद्र पाल सिंह निवासी एल-91 सेक्टर-एल, थाना आशियाना के संबंध में पुलिस द्वारा निरंतर जांच की जा रही थी।
जांच के क्रम में गुमशुदा के पुत्र अक्षत प्रताप सिंह उम्र लगभग 21 वर्ष से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान अभियुक्त द्वारा स्वीकार किया गया कि बीते 20 फरवरी को प्रातः लगभग 04:30 बजे किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के मध्य विवाद हुआ और आवेश में आकर अपने पिता को गोली मार दी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
अभियुक्त द्वारा घटना के उपरांत साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से मृतक के शव को तृतीय तल से नीचे लाकर भूतल पर स्थित एक खाली कमरे में रखा गया तथा शव के अंगों को काटकर उन्हें कथित तौर पर सदरौना के पास फेंक दिया गया है। शेष शव को एक ड्रम में छिपाकर रखा गया था।
वहीं घटना की जानकारी प्राप्त होते ही उच्चाधिकारियों द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। साथ ही फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।
अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में लेकर आवश्यक पूछताछ एवं विधिक कार्रवाई जारी है। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मौके पर मृतक के परिजन उपस्थित हैं। वहीं हत्या का अनावरण करते हुए पुलिस उपायुक्त मध्य द्वारा बाइट दी गयी।



