बच्चे के स्वस्थ विकास को जन्म से देखभाल जरुरी – डॉ. ज्योति मल्होत्रा
शून्य से से 5 वर्ष तक की आयु के स्वस्थ बच्चों को किया पुरस्कृत

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पुरस्कृत किया गया। गुरुवार को
सेवा संकल्प अभियान के तहत वीरांगना अवन्तीबाई जिला महिला अस्पताल में बेबी शो आयोजित किया गया। जिसमें शून्य से 6 माह और 6 माह से 5 वर्ष तक की आयु के स्वस्थ बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
शून्य से छह माह आयुवर्ग में नव्या रस्तोगी को प्रथम, भावेश को द्वितीय और प्रतिष्ठा को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
वहीं 6 माह से 5 वर्ष आयुवर्ग में कियारा गुप्ता को प्रथम, हिया नूर को द्वितीय और देवांश को तृतीय पुरस्कार दिया गया । वहीं
बच्चों को पुरस्कृत करते हुए प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ज्योति मल्होत्रा ने कहा कि बच्चे के स्वस्थ विकास के लिए जन्म से ही उसकी सही देखभाल और खान-पान पर ध्यान देना जरूरी है।
समय पर टीकाकरण और छह माह तक केवल स्तनपान बच्चे के स्वस्थ विकास की मजबूत नींव रखते हैं। छह माह के बाद मां के दूध के साथ समय पर पौष्टिक पूरक आहार शुरू करें।
नवजात की नाभि पर कोई लोशन या अन्य पदार्थ न लगाएं तथा आंखों में काजल और कान-नाक में तेल डालने से बचें। बच्चे को बुखार होने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक न दें।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजना प्रसाद ने कहा कि बच्चों को संक्रमण से बचाने के लिए स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। भोजन तैयार करने और बच्चे को खिलाने से पहले तथा शौच के बाद हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोएं।
स्तनपान कराने से पहले भी हाथ और स्तनों की साफ-सफाई का ध्यान रखें। बच्चे के बर्तन और भोजन की जगह साफ रखें। स्वच्छता की इन आदतों को परिवार की दिनचर्या में शामिल कर बच्चों को कई संक्रमणों से बचाया जा सकता है।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सलमान ने कहा कि छह माह के बाद बच्चे को मां के दूध के साथ अलग-अलग प्रकार के पौष्टिक पूरक आहार देना चाहिए। बच्चे के ऊपरी आहार में एक चम्मच घी या तेल शामिल किया जा सकता है।
चिप्स, बिस्किट, नमकीन और अन्य जंक फूड से बच्चों को दूर रखें, क्योंकि इससे पेट तो भरता है, लेकिन शरीर को जरूरी पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पाते।
बच्चे को खाना खिलाते समय टीवी या मोबाइल न देखने दें और परिवार के सदस्य बच्चे के साथ बैठकर उसे भोजन करने के लिए प्रोत्साहित करें।
इस मौके पर बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. फैजान अहमद, डॉ. एके प्रसाद, डॉ. एचएस गुप्ता, आयुष चिकित्सक डॉ. शादाब अनवर, नर्सिंग अधिकारी किरनलता सोनकर, लालमती,
एएनएम रेशमा रावत, यास्मीन बानो, हेल्प डेस्क मैनेजर मो. आसिफ, नर्सिंग स्पेशलिस्ट कीर्ति तिवारी, सभी इंटर्न, फार्मासिस्ट, वैक्सीनेटर एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।



