बड़े मंगल पर एनबीआरआई में भंडारा, तुलसी पौध वितरण
वैज्ञानिकों ने हरित जीवन शैली अपनाने पर दिया जोर

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी में बड़े मंगल पर भंडारे के साथ तुलसी पौधा वितरण किया गया।
मंगलवार को राष्ट्रीय वनस्पति अनुसन्धान संस्थान द्वारा बड़े मंगल के पावन अवसर पर विशाल भंडारे एवं तुलसी पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन केएन कौल ब्लॉक परिसर में किया गया।
जिसमें संस्थान के वैज्ञानिकों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि “वाटर वुमेन ऑफ इंडिया” के नाम से विख्यात पर्यावरण संरक्षक शिप्रा पाठक रहीं। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को तुलसी के पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण, औषधीय पौधों के महत्व तथा हरित जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया।
वहीं संस्थान निदेशक डॉ. एके शासनी एवं समाजसेविका डॉ. सरिता सतपथी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने सेवा, संस्कार एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े इस आयोजन की सराहना की।
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए आमजन के लिए ओआरएस पेय का वितरण भी किया गया। यह सेवा धनवंतरी सेवा न्यास एवं श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या के सहयोग से उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर निदेशक डॉ. एके शासनी ने कहा,
“बड़ा मंगल सेवा, समर्पण और आस्था का प्रतीक है। तुलसी पौध वितरण जैसी पहल हमें प्रकृति के संरक्षण तथा जनकल्याण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराती है।
आज के इस आयोजन में लगभग 1000 तुलसी पौधों का वितरण किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवन शैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। संस्थान सदैव समाज, पर्यावरण एवं मानवता के हित में ऐसे सकारात्मक आयोजनों के लिए प्रतिबद्ध है।
यह आयोजन श्रद्धा, सेवा, जनस्वास्थ्य जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम बनकर सभी के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध हुआ।



