14 से चलेगा सघन पल्स पोलियो अभियान
33 जिलों में 1.33 करोड़ बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। आगामी 14 दिसम्बर से पल्स पोलियो अभियान चलेगा। जिसमें
शून्य से पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के 33 प्राथमिकता वाले जिलों में 14 से 22 दिसंबर तक सघन पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जाएगा।
लखनऊ सहित सभी चयनित जिलों में स्वास्थ्य टीमें घर–घर जाकर बच्चों को पोलियोरोधी खुराक देंगी। वहीं
राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि पोलियो वायरस जनित यह अत्यंत संक्रामक बीमारी है। उत्तर प्रदेश को पोलियो मुक्त हुए 15 वर्ष हो चुके हैं और राज्य में आखिरी पोलियो का मामला 21 अप्रैल 2010 को फिरोजाबाद में मिला था। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे पड़ोसी देशों में आज भी पोलियो संक्रमण बना हुआ है।
संक्रमण का पुनः खतरा न बढ़े, इसलिए हर वर्ष प्रदेश में पल्स पोलियो अभियान चलाकर बच्चों को सुरक्षा प्रदान की जाती है।
भारत सरकार के निर्देशानुसार चयनित 33 जिलों में इस बार 1.33 करोड़ बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित है। अभियान के पहले दिन 44,726 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे। इसके बाद 14 से 22 दिसंबर के बीच 29,360 टीमें और 10,686 पर्यवेक्षक घर–घर जाकर सभी पात्र बच्चों को दवा पिलाएँगे।
दूरस्थ क्षेत्रों, बस–टैक्सी स्टैंड, रेलवे स्टेशन और ईंट भट्ठों में बच्चों तक पहुंचने के लिए 2,750 ट्रांज़िट टीमें और 1,746 मोबाइल टीमें तैनात रहेंगी। घुमंतू, मलिन बस्तियों, ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों और फैक्ट्रियों में रह रही आबादी पोलियो संक्रमण के प्रसार के प्रति अधिक संवेदनशील मानी जाती है। इसी कारण प्रदेश के 16,194 घुमंतू एवं प्रवासी क्षेत्रों में 4,60,489 परिवारों को चिन्हित किया गया है।
सीमा क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए नेपाल बॉर्डर पर 30 टीकाकरण पोस्ट स्थापित किए गए हैं। साथ ही पाकिस्तान, अफगानिस्तान, नाइजीरिया, सोमालिया, सीरिया, कैमरून, केन्या और इथियोपिया जैसे पोलियो प्रभावित देशों से आने–जाने वाले सभी यात्रियों को भी सावधानीपूर्वक पोलियो वैक्सीन दी जा रही है।
फरवरी 2014 से अक्टूबर 2025 के बीच 1,87,203 यात्रियों को खुराक से आच्छादित किया जा चुका है।
राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि पाँच वर्ष तक के सभी बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी की’ अवश्य पिलाएँ और प्रदेश को पूरी तरह सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग दें।
इन जनपदों में चलेगा अभियान
आगरा, अम्बेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, बदायूं, भदोही, बांदा, चंदौली, इटावा, फिरोजाबाद, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, गाजीपुर, हमीरपुर, हाथरस, जालौन, जौनपुर, झाँसी, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कासगंज, कुशीनगर, ललितपुर, लखनऊ, महोबा, मऊ, मथुरा, मिर्जापुर, पीलीभीत, सोनभद्र, उन्नाव एवं वाराणसी।



