मिशन का उदेश्य जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाना – मुक्तिनाथानन्द
विवेकानन्द अस्पताल में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी में जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की गयी। शनिवार को
रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम द्वारा संचालित विवेकानन्द पॉलीक्लीनिक एवं आयुर्विज्ञान संस्थान में हृदय, छाती, फेफड़ों तथा रक्त वाहिकाओं से संबंधित रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए दो दिवसीय निःशुल्क थोरैसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी स्पेशलिटी क्लीनिक का समापन किया गया।
क्लीनिक में थोरैसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी के क्षेत्र में 40 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले देश के सुप्रसिद्ध कार्डियोवैस्कुलर एवं थोरैसिक सर्जन प्रो भाबातोष बिस्वास ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।
उन्होंने हृदय, फेफड़ों, छाती तथा रक्त वाहिकाओं से संबंधित विभिन्न रोगों के निदान, उपचार एवं शल्य चिकित्सा के संबंध में मरीजों की शंकाओं का समाधान किया तथा आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए परामर्श प्रदान किया।
क्लीनिक के दूसरे दिन 19 मरीजों ने विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त किया। इस दौरान अनेक मरीजों की आवश्यक चिकित्सकीय जांचें भी की गईं। विशेषज्ञ चिकित्सक से प्रत्यक्ष परामर्श प्राप्त कर मरीजों ने संस्थान द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस निःशुल्क विशेषज्ञ चिकित्सा सेवा की सराहना की।वहीं
संस्थान सचिव स्वामी मुक्तिनाथानन्द महाराज ने कहा कि रामकृष्ण मिशन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों तक गुणवत्तापूर्ण विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाना है।
इसी उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न विशेषज्ञों की सेवाओं के माध्यम से निःशुल्क स्पेशलिटी क्लीनिक एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि अधिकाधिक मरीज इन सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।



