उत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबर

बच्चों को निमोनिया से बचाने में मां का दूध महत्वपूर्ण – डॉ सलमान 

विश्व निमोनिया दिवस पर अभिभावकों को बताए बच्चों में निमोनिया के लक्षण व बचाव के तरीके

 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। बच्चों के अभिभावकों को निमोनिया के लक्षण व बचाव के तरीके बताए गए।

गुरुवार को विश्व निमोनिया दिवस पर वीरांगना अवंतीबाई जिला महिला अस्पताल (डफरिन)के बाल रोग विभाग की ओपीडी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिसमें अस्पताल के स्टाफ और अभिभावकों को बच्चों को निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए जागरूकता और समय पर उपचार के महत्व पर जोर दिया गया।

वहीं कार्यक्रम में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ सलमान ने बताया कि निमोनिया बच्चों में होने वाला एक गंभीर संक्रमण है। खासकर पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों में इसके लक्षणों की समय रहते पहचान करना बेहद जरूरी है।

बच्चे की उम्र के अनुसार सांस लेने की सामान्य गति अलग-अलग होती है।

यदि 0 से 2 माह के शिशु की सांस लेने की गति 60 प्रति मिनट या उससे अधिक, 2 से 12 माह के बच्चे में 50 प्रति मिनट या उससे अधिक तथा 1 से 5 वर्ष के बच्चे में 40 प्रति मिनट या उससे अधिक हो, तो यह निमोनिया का संकेत हो सकता है।

ऐसी स्थिति में बच्चे को तत्काल चिकित्सकीय परामर्श दिलाना चाहिए। निमोनिया के प्रमुख लक्षणों में तेज सांस चलना, सांस लेते समय पसलियों के नीचे का हिस्सा अंदर धंसना, खांसी, बुखार, दूध पीने में परेशानी और बच्चे का सुस्त पड़ना शामिल हैं।

इसके अलावा, ऑक्सीजन का स्तर 91 प्रतिशत से कम होना भी गंभीर स्थिति का संकेत हो सकता है, जिसमें तत्काल अस्पताल में उपचार की आवश्यकता होती है।

डॉ.सलमान ने बताया कि बच्चों को निमोनिया से बचाने में मां का दूध महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिशु को नियमित रूप से स्तनपान कराना चाहिए।

इसके साथ ही घर में धूम्रपान से बचना चाहिए, क्योंकि धुएं के संपर्क में आने से बच्चों में सांस संबंधी संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। निमोनिया से बचाव के लिए पीसीवी (न्यूमोकोकल कॉन्जुगेट वैक्सीन) टीकाकरण भी बेहद महत्वपूर्ण है।

नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत निर्धारित समय पर टीके की खुराक दिलाकर बच्चों को न्यूमोकोकल संक्रमण से सुरक्षा प्रदान की जा सकती है। इसके लिए लगभग डेढ़ माह, साढ़े तीन माह और नौ माह की आयु पर निर्धारित टीकाकरण का पालन करना चाहिए।

उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि बच्चे को बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक दवाएं न दें। खांसी, बुखार या सांस लेने में परेशानी होने पर खुद से दवा देने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सक से संपर्क करें।

जागरूकता, समय पर पहचान, उचित उपचार, स्तनपान और नियमित टीकाकरण के जरिए बच्चों को निमोनिया के गंभीर प्रभावों से बचाया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button