यह वही राज्य है, जिसने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना और सांसद बनाया – प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री, राज्यपाल दोनों डिप्टी सीएम रहे मौजूद
नोएडा। लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। उत्तर प्रदेश को विकसित प्रदेश बनाने के लिए एक और नया अध्याय जोड़ दिया गया है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के प्रथम चरण का बटन दबाकर उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व केंद्रीय मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक डिप्टी सी एम केशव प्रसाद मौर्या व
अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा नया उत्तर प्रदेश’ आज प्रगति की एक नई उड़ान भरते हुए उद्घोष कर रहा है कि जब संकल्प मजबूत हो, साहस अडिग हो तथा आत्मविश्वास अटल हो तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं रह सकता है और जेवर का यह एयरपोर्ट उसी संकल्प की सिद्धि की परिणति है।
यह विश्वस्तरीय एयरपोर्ट न केवल उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई तक ले जाने का आधार बनेगा बल्कि निवेश, व्यापार और औद्योगिक विकास को गति देते हुए लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा। उन्होंने कहा कि
प्रधानमंत्री ने इस परियोजना को साकार स्वरूप प्रदान करने के लिए समर्पित रहे। अन्नदाता किसान बंधुओं का आभार एवं प्रदेश वासियों को हृदय से बधाई।
एयरपोर्ट से यूपी को मिलेगा निवेश का बूस्टर डोज..
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश में निवेश, उद्योग और व्यापार के नए युग की शुरुआत का संकेत दे रहा है। यह एयरपोर्ट न केवल प्रदेश की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा, बल्कि इसे राष्ट्रीय और वैश्विक निवेश के मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए “गेमचेंजर” बताते हुए कहा कि यह परियोजना निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों के द्वार खोलेगी।
यमुना एक्सप्रेसवे बना निवेश का नया इंजन..
यमुना एक्सप्रेसवे और इसके आसपास के क्षेत्रों में पहले से ही बड़े पैमाने पर निवेश प्रस्ताव आने शुरू हो चुके हैं। एयरपोर्ट के कारण यह क्षेत्र तेजी से एक औद्योगिक कॉरिडोर के रूप में विकसित हो रहा है, जहां देश-विदेश की कंपनियां अपनी इकाइयां स्थापित करने में रुचि दिखा रहीं हैं।
एयरपोर्ट के आसपास मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, डेटा सेंटर, एमएसएमई पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, अपैरल और टॉय पार्क जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट विकसित किए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में क्षेत्र में सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला रखे जाने से हाईटेक इंडस्ट्री को बढ़ावा मिला है। भविष्य में यहां फिनटेक सिटी जैसे अत्याधुनिक प्रोजेक्ट भी विकसित किए जाएंगे, जिससे यह क्षेत्र टेक्नोलॉजी और उद्योग का प्रमुख केंद्र बनेगा।
निर्यात को मिलेगी नई रफ्तार..
मल्टी मोडल कार्गो हब बनने के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश को ‘लैंडलॉक्ड’ स्थिति से बाहर निकालकर वैश्विक बाजार से सीधे जोड़ देगा। इससे प्रदेश के उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक तेजी से पहुंच सकेंगे और निर्यात को नई गति मिलेगी।
इस एयरपोर्ट परियोजना से लगभग 1 लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है। साथ ही करीब 60 हज़ार करोड़ रुपये की आर्थिक गतिविधि उत्पन्न होने का अनुमान है। सरकार को इससे लगभग 2000 करोड़ रुपये का कर राजस्व प्राप्त हो सकता है, जो राज्य की अर्थव्यवस्था को और मजबूती देगा।
इस परियोजना का कंसेशन पीरियड 40 वर्षों का है। अनुमान है कि वर्ष 2061-62 तक नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लि को 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त होगी, जो इसकी दीर्घकालिक आर्थिक क्षमता को दर्शाता है।
कुल मिलाकर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के लिए केवल एक एयरपोर्ट नहीं, बल्कि निवेश, उद्योग, निर्यात और रोजगार का एक समग्र विकास मॉडल बनकर उभर रहा है। आने वाले समय में यह परियोजना प्रदेश को आर्थिक रूप से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।
यह वही राज्य है, जिसने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना और सांसद बनाया – प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी खुशी और गर्व व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज से ‘विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत अभियान’ में एक नया अध्याय शुरू हो रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत का सबसे बड़ा राज्य अब अंतरराष्ट्रीय विमान पत्तनों की सबसे अधिक संख्या वाले राज्यों में से एक बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें दोहरी खुशी है, पहली इस विमान पत्तन की नींव रखने और अब इसका उद्घाटन करने पर, और दूसरी इस भव्य विमान पत्तन का नाम उत्तर प्रदेश से जुड़ने पर।
श्री मोदी ने कहा, “यह वही राज्य है जिसने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना और सांसद बनाया, और अब इसकी पहचान इस शानदार विमान पत्तन से जुड़ गई है।
नए विमान पत्तन के दूरगामी प्रभाव का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नोएडा विमान पत्तन से आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर और फरीदाबाद सहित विशाल क्षेत्र को लाभ होगा। उन्होंने जोर दिया कि यह विमान पत्तन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, लघु एवं मध्यम उद्यमों और युवाओं के लिए अनेक नए अवसर लेकर आएगा।
श्री मोदी ने राज्य के लोगों, विशेष रूप से पश्चिमी यूपी के लोगों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा, “यहां से विमान दुनिया भर के लिए उड़ान भरेंगे, और यह विमान पत्तन विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक बनेगा।
वर्तमान वैश्विक स्थिति पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में एक महीने से अधिक समय से चल रहे युद्ध के कारण आज पूरा विश्व गहरी चिंता में है। इस युद्ध के चलते कई देशों में भोजन, पेट्रोल, डीजल,
गैस और उर्वरक जैसी आवश्यक वस्तुओं का संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि भारत इस युद्ध ग्रस्त क्षेत्र से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस आयात करता है। श्री मोदी ने आश्वासन दिया, “सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है कि इस संकट का बोझ आम परिवारों और किसानों पर न पड़े।
वैश्विक संकट के दौर में भी भारत की तीव्र विकास गति का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अकेले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ही हाल के हफ्तों में यह चौथी बड़ी परियोजना है।
जिसका या तो उद्घाटन किया गया है या नींव रखी गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा इस दौरान नोएडा में एक बड़ी सेमीकंडक्टर फैक्ट्री की नींव रखी गई, देश की पहली दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन ने रफ्तार पकड़ी, मेरठ मेट्रो का विस्तार हुआ और आज नोएडा अंतरराष्ट्रीय विमान पत्तन का उद्घाटन किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के विकास में इन उल्लेखनीय उपलब्धियों का श्रेय वर्तमान सरकार को दिया। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर फैक्ट्री भारत को प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना रही है,
मेरठ मेट्रो और नमो भारत रेल तेज और स्मार्ट संपर्क का माध्यम बन रही हैं, और जेवर विमान पत्तन पूरे उत्तर भारत को विश्व से जोड़ रहा है। श्री मोदी ने जोर देकर कहा, “वर्तमान सरकार के नेतृत्व में यही नोएडा उत्तर प्रदेश के विकास का एक शक्तिशाली इंजन बन रहा है।
प्रधानमंत्री ने विमान पत्तन परियोजना के इतिहास के बारे में विस्तार से बताते हुए याद दिलाया कि जेवर विमान पत्तन को अटल जी ने 2003 में ही मंजूरी दे दी थी। श्री मोदी ने कहा “वर्तमान सरकार के गठन के तुरंत बाद इसकी नींव रखी गई, निर्माण कार्य शुरू हुआ और अब इसका परिचालन शुरू हो चुका है।



