गांव जाकर छात्र किसानों को बतायेंगे मिट्टी की सेहत
कुलपति ने विश्वविद्यालय के गोद लिए गए गांवों का टास्क

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। छात्र गाँवो में जाकर किसानों की मिट्टी की सेहत की जाँच कर जानकारी देंगे। शुक्रवार को
डा एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के इनोवेशन हब की ओर से एआईसीटीई एवं मिनिस्ट्री ऑफ़ एजुकेशन के इनोवेशन सेल के स्मार्ट इंडिया हैकथाॅन के लिए शुक्रवार को प्री हैकथाॅन का आयोजन किया गया।
हैकथाॅन में विश्वविद्यालय परिसर के बीटेक, बीफार्मा एवं एमटेक के 186 छात्रों ने 30 टीम के रूप में विभिन्न समस्याओं के समाधान का आइडिया प्रस्तुत किया।
टीमों ने दस क्षेत्रों जिसमें बाढ़, कृषि, स्मार्ट वाहन, लाॅजिस्टिक, एग्रीकल्चर एंड टूरिज्म, साइबर सिक्योरिटी, ब्लाॅकचेन, स्मार्ट एजुकेशन, फिटनेस एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का अपने आइडिया से समाधान प्रस्तुत किया।
इस दौरान कुलपति प्रो जेपी पाण्डेय ने बारी-बारी से सभी टीमों से मिलकर उनके आइडिया के बारे में जानकारी ली। छात्रों ने उनके प्रोजेक्ट के तकनीकी पक्ष को जाना।
वहीं एक आइडिया में एक्सपर्ट का डेटाबेस जोड़ने का सुझाव दिया। साथ ही एक टीम को उनके बनाये जा रहे ऐप में वायस कमांड इनबिल्ड करने के लिए कहा। ताकि बेहतर परिणाम मिल सके। इसी तरह बच्चों के लिए बनाये गये एक ऐप में स्टोरी, कविता जोड़ने का सुझाव दिया।
जिससे कि बच्चे खेल-खेल में आसानी से सीख सकें। इसी तरह कई टीमों ने बाढ़ पर अपना आइडिया प्रस्तुत किया। इन आइडिया में माननीय कुलपति प्रो जेपी पाण्डेय ने अधिक से अधिक रियल टाइम डेटा का इस्तेमाल करने को कहा।
इस दौरान सेंटर फाॅर एडवांस्ड स्टडीज के बीटेक छात्रों की एक टीम शस्यमेदिनी नाम से मिट्टी की जांच करने वाली डिवाइस एवं कृषि टेक ऐप बना रही है। इस डिवाइस और ऐप के जरिये खेतों की मिट्टी की जांच आसानी से होगी।
इसके जरिये किसानों को पता लग जाएगा कि उनके खेत के मिट्टी की सेहत कैसी है। उन्हें मिट्टी को उपजाऊ बनाने के लिए किस खनिज की जरूरत है। साथ ही ऐप के माध्यम से भी किसानों को मिट्टी से जुड़ी सारी जानकारी मिल सकेगी।
कुलपति प्रो जेपी पाण्डेय ने छात्रों के इस टीम को विश्वविद्यालय के गोद लिए गए गांवों के किसानों के खेतों की मिट्टी की जांच पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर करने को कहा है।
जिससे छात्रों के आइडिया को व्यवहारिक रूप से परखा जा सके। साथ ही इससे किसानों को भी फायदा होगा। साथ ही सभी टीमों के आइडिया की बुकलेट बनाने का भी निर्देश दिया।
छात्रों के समाधान को जूरी ने किया मूल्यांकन..
छात्रों के बनाए समाधान को जूरी ने मूल्यांकन किया। जूरी ने विभिन्न कसौटियों पर आइडिया को परखा। सबसे सटीक एवं व्यवहारिक आइडिया को चयनित किया गया।
चयनित आइडिया स्मार्ट इंडिया हैकथाॅन में हिस्सा लेगी। प्री हैकथाॅन का उद्घाटन कुलपति प्रो जेपी पाण्डेय ने किया। हैकथाॅन का निर्देशन इनोवेशन हब के निदेशक एवं वित्त अधिकारी केशव सिंह, डीन इनोवेशन प्रो बीएन मिश्रा ने किया।
इस दौरान प्रतिकुलपति प्रो राजीव कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो दीपक नगरिया, एसो. डीन इनोवेशन डाॅ अनुज कुमार शर्मा मौजूद रहे। जबकि समन्वय इनोवेशन हब के सीईओ डाॅ महीप सिंह एवं सीआईओ वंदना शर्मा ने किया।
बीटेक के नये छात्रों को विशेषज्ञों ने दिया गुरूमंत्र..
विश्वविद्यालय के सेंटर फाॅर एडवांस्ड स्टडीज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित बीटेक छात्रों के लिए शुक्रवार को इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में छात्रों को संस्थान के शैक्षणिक वातावरण, शोध एवं नवाचार के अवसरों, उभरती तकनीकों तथा भविष्य की करियर संभावनाओं से परिचित कराया गया। संस्थान में
कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, सीएसई एआई एंड एमएल, इलेक्ट्राॅनिक्स इंजीनियरिंग (वीएलएसआई डिजाइन एंड टेक्नोलाॅजी) एवं मेकाट्राॅनिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के एआई एवं एमएल की विशेषज्ञ डाॅ आकांक्षा सक्सेना एवं एमिटी विश्वविद्यालय के एडिशनल प्रो वाइसचांसलर एआई के विशेषज्ञ प्रो एमके दत्ता ने अपने अनुभव साझा किये। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को एआई,
एमएल, रोबोटिक्स आदि नई तकनीकी के बढ़ते महत्व और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को मजबूत तकनीकी आधार विकसित करने, निरंतर नए कौशल सीखने तथा वास्तविक जीवन की समस्याओं के अभिनव समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए एआई, एमएल शोध, तकनीकी नवाचार और करियर से जुड़े प्रश्नों का भी उत्तर दिया। उनके व्याख्यान से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान एसो डीन इनोवेशन डाॅ अनुज कुमार शर्मा ने दोनों विशेषज्ञों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक रहा।
जापान इंडिया बिजनेस नेटवर्किंग इवेंट में विवि के स्टार्टअप, शिक्षकों और छात्रों ने भी लिया हिस्सा..
उत्तर प्रदेश जापान निवेश सम्मेलन में विश्वविद्यालय एवं संबद्धसंस्थानों के शिक्षक, स्टार्टअप और छात्रों ने शुक्रवार को विश्व उद्यमित दिवस के अवसर पर शिरकत किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं जापान के यामानाशी की गवर्नर कोटारो नागासाकी कोटारो नागासाकी विश्वविद्यालय के स्टार्टअप से मिलकर उनके प्रोडक्ट की जानकारी ली। साथ ही तारीफ की। बता दें कि इस इवेंट में जापान के अधिकारी, स्टार्टअप, एकेडिमिशियन, उद्योगपति शामिल हुए।
स्टार्टअप को मिलेगा जापान का सहयोग कुलपति प्रो जेपी पाण्डेय के निर्देशन में कार्यक्रम में एकेटीयू के इनोवेशन हब के पांच डीप टेक स्टार्टअप भी प्रतिभाग किया।
इस दौरान स्टार्टअप जापानी दल के समक्ष अपने प्रोडक्ट की जानकारी दी। ताकि उनका जापान के साथ सहयोग बढ़ सके। इसका फायदा स्टार्टअप को आगे बढ़ने में मिलेगा। उन्हें न केवल जापानी इंवेस्टमेंट के अवसर प्राप्त होंगे बल्कि तकनीकी सहयोग के अलावा बाजार भी मिलने की संभावना होगी।
इस दौरान जापानी शैक्षणिक दल से संवाद कर शिक्षा के क्षेत्र में जापान में हो रहे परिवर्तनों के बारे में जाना। साथ ही उनके साथ एमओयू पर भी वार्ता हुई।
इस दौरान इनोवेशन हब के सीईओ डाॅ महीप सिंह का अधिष्ठाता इनोवेशन एवं सोशल एंटरप्रेन्योरशिप की उपस्थिति में जापानी दल के साथ व्याख्यान भी हुआ। जिमसें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, शोध, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीकी और नवाचार पर अपनी बात रखी।



