विधानसभा हंगामे पर बोले डिप्टी सीएम
लोकतंत्र के मंच को सपा ने बनाया सियासी अखाड़ा

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। विधानसभा मानसून सत्र में दूसरे दिन पक्ष विपक्ष में जमकर तीखी बहस चली। मंगलवार को डिप्टी ब्रजेश पाठक ने कहा कि
समाजवादी पार्टी का असली चेहरा आज एक बार फिर प्रदेश की जनता जनार्दन के सामने आ गया। लोकतंत्र के मंच विधानसभा, जहां जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा और समाधान अपेक्षित होता है, उसे फिर सपा नेताओं ने सियासी अखाड़ा बना दिया।
सदन की गरिमा को तार-तार करते हुए अराजकता और हंगामे का रास्ता चुना। विधानसभा में सपा के हंगामे को लेकर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि श्रीराम मंदिर जैसे करोड़ों देशवासियों की आस्था से जुड़े विषय पर भी सपा द्वारा राजनीति करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
जनता तथ्यों पर आधारित चर्चा चाहती है, जबकि विपक्ष केवल शोर और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार जनहित, विकास और सुशासन के एजेंडे पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सदन की गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं की रक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। डबल इंजन की भाजपा सरकार में आज का नया उत्तर प्रदेश निरंतर विकास पथ पर अग्रसर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभाएगा। वर्ष 2027 में सपा का सत्ताधीश होने का सपना फिर चूर-चूर होने वाला है इसीलिए उनके नेता अराजकता पर उतर आए हैं। प्रदेश की जनता विकास और सुशासन चाहती है, अराजकता नहीं।



