उत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबर

राजधानी में देश भर से अस्थि रोग विशेषज्ञों का हुआ जमावड़ा

आर्थ्रोस्कोपी की आधुनिक तकनीकों पर हुआ मंथन

 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में शनिवार को अस्थि रोग चिकित्सा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों और नवाचारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘आरएमएलआईएमएस आर्थ्रोस्कोपी अपडेट-2026’ का आयोजन किया गया।

संस्थान के अस्थि रोग विभाग की ओर से विभाग के स्थापना दिवस एवं पूर्व छात्र मिलन समारोह के अवसर पर आयोजित इस शैक्षणिक सम्मेलन में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के दिग्गज अस्थि रोग विशेषज्ञों और चिकित्सकों ने सहभागिता की।

सम्मेलन में आधुनिक घुटना आर्थ्रोस्कोपी, जोड़ संरक्षण तथा नवीन शल्य चिकित्सा तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की गई। वैज्ञानिक सत्रों में एसीएल सर्जरी, मेनिस्कस रिपेयर और कार्टिलेज पुनर्स्थापन की अत्याधुनिक तकनीकों पर विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए।

केस आधारित चर्चाओं के माध्यम से चिकित्सकों को जटिल मामलों के उपचार और व्यावहारिक शल्य चिकित्सा तकनीकों की महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

वहीं, मेनिस्कस रिपेयर पर आयोजित विशेष कार्यशाला में प्रतिभागियों को आधुनिक सर्जिकल प्रक्रियाओं को समझने और उनके व्यावहारिक पहलुओं पर विचार-विमर्श का अवसर मिला।

डॉ. सचिन अवस्थी स्मृति व्याख्यान रहा मुख्य आकर्षण

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण डॉ सचिन अवस्थी स्मृति व्याख्यान रहा। इसे उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीएमएस), सैफई के कुलपति प्रो अजय सिंह ने प्रस्तुत किया। यह व्याख्यान डॉ. सचिन अवस्थी की स्मृति तथा संस्थान में अस्थि रोग विभाग की स्थापना में उनके महत्वपूर्ण योगदान को समर्पित रहा।

उद्घाटन समारोह में संस्थान के निदेशक एवं कार्यक्रम के संरक्षक प्रो सीएम सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर डीन प्रो राजन भटनागर, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो विक्रम सिंह, कार्यकारी कुलसचिव प्रो सुब्रत चंद्रा तथा केजीएमयू के अस्थि रोग विभागाध्यक्ष प्रो आशीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और संकाय सदस्य मौजूद रहे।

देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों ने की सहभागिता

सम्मेलन में केजीएमयू, एसजीपीजीआई, एम्स गोरखपुर, स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर दिल्ली सहित देश के अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व आयोजन अध्यक्ष के रूप में डॉ. आरएमएलआईएमएस के अस्थि रोग विभागाध्यक्ष प्रो दीपक कुमार ने किया।

आयोजन सचिव प्रो पंकज अग्रवाल रहे। वहीं प्रो विनीत कुमार ने आयोजन सह-अध्यक्ष और प्रो स्वागतम महापात्र ने आयोजन सह-सचिव की जिम्मेदारी निभाई।

इस सम्मेलन के माध्यम से विशेषज्ञों ने आधुनिक आर्थ्रोस्कोपी तकनीकों के बेहतर इस्तेमाल, जटिल जोड़ संबंधी बीमारियों के उपचार और मरीजों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

आयोजन ने डॉ. आरएमएलआईएमएस के अस्थि रोग विभाग की शैक्षणिक प्रतिबद्धता, चिकित्सा कौशल विकास और आधुनिक उपचार पद्धतियों को अपनाने की दिशा में संस्थान की सक्रिय भूमिका को रेखांकित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button