लोकतंत्र बचाने के लिए न्यूनतम खर्च में चुनाव लड़ेगा भारतीय कृषक दल : सरोज दीक्षित
बीकेटी से शालिनी शुक्ला को बनाया प्रत्याशी

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। भारतीय कृषक दल ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोज दीक्षित एडवोकेट ने यूपी प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में चुनावी रणनीति का ऐलान करते हुए कहा कि देश में स्वार्थ की राजनीति, धनबल, बाहुबल, अहंकार और भ्रष्टाचार के चलते लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है।
भारतीय कृषक दल न्यूनतम खर्च में चुनाव लड़कर लोकतंत्र को बचाने और अच्छे लोगों को राजनीति से जोड़ने की मुहिम चलाएगा।
सरोज दीक्षित ने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों की सत्ता की भूख ने प्रदेश को अराजकता के माहौल में धकेल दिया है। निष्पक्ष कही जाने वाली संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर चिंता जताते हुए कहा कि मौजूदा चुनावी व्यवस्था में धनबल और बाहुबल का प्रभाव इतना बढ़ गया है कि एक सामान्य नागरिक के लिए चुनाव लड़ना बेहद कठिन हो गया है।
आम आदमी केवल नामांकन दाखिल करने तक सीमित रह जाता है। ऐसे हालात में लोकतंत्र की मूल भावना को बचाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि भारतीय कृषक दल का उद्देश्य अच्छे और ईमानदार लोगों को राजनीति में आगे लाना, न्यूनतम खर्च में चुनाव लड़ना तथा देश को खुशहाल और मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था की ओर ले जाना है।
5 जनवरी से निकलेगा प्रदेश बचाओ यूपी रथ
पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक और जनसंपर्क अभियान की रूपरेखा भी घोषित की।
राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड प्रभारी प्रमोद यादव 5 दिसंबर 2026 से प्रदेश के विभिन्न जनपदों का दौरा करेंगे। इस दौरान संगठन की जिला इकाइयों का गठन करने के साथ ही स्थानीय परिस्थितियों का जायजा लिया जाएगा।
विधानसभा चुनाव के संभावित प्रत्याशियों की सूची भी जिलों में कार्यकर्ताओं और स्थानीय स्तर पर विचार-विमर्श के बाद तैयार की जाएगी।
बीकेटी से शालिनी शुक्ला को प्रत्याशी घोषित किया
वार्ता में पार्टी ने लखनऊ की बख्शी का तालाब (बीकेटी) विधानसभा सीट से शालिनी शुक्ला को अपना प्रत्याशी घोषित किया। प्रत्याशी बनाए जाने पर शालिनी शुक्ला ने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि वह इस जिम्मेदारी को महज चुनाव लड़ने का अवसर नहीं, बल्कि जनता की सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व मानती हैं।
उनका संकल्प किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों की आवाज बनना है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और किसानों की समस्याओं सहित जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।
शालिनी शुक्ला ने कहा कि वह राजनीति को सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का जरिया मानती हैं।
बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक वर्ग के लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना और उनके समाधान के लिए ईमानदारी से प्रयास करना उनका लक्ष्य रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सहयोग, आशीर्वाद और समर्थन की अपील करते हुए विकसित एवं खुशहाल बीकेटी बनाने का संकल्प जताया।
चार राज्यों में संगठन विस्तार की जिम्मेदारी
प्रेस वार्ता में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार की घोषणा करते हुए राष्ट्रीय महासचिव प्रमोद यादव को उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया।
राममूर्ति सिंह को पंजाब, जेपी सिंह को गोवा और सुनील कुमार सिंह को मणिपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव प्रमोद यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष रामसूरत कुशवाहा, सुरेश चंद्र राठौर, सुनील कुमार, जयपाल,
शालिनी शुक्ला, डॉ. एसके तिवारी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष किसान मोर्चा एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व निदेशक कृषि विनय प्रकाश श्रीवास्तव समेत पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



