केजीएमयू वायरल वीडियो ने खोली रैगिंग की पोल, 38 मेडिकल छात्र निलंबित
जूनियर से सीनियर को प्रणाम करने पर 38 छात्रों को मिली सजा

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। वायरल वीडियो ने रैगिंग की पोल खोल दी। जिसमें जूनियर से सीनियर को प्रणाम कराने पर 38 छात्रों को निलंबित किया गया। शनिवार को
किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में रैगिंग के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए 38 मेडिकल छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है।
एंटी रैगिंग कमेटी की जांच और संस्तुति के बाद की गई इस कार्रवाई से मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मच गया है। निलंबित छात्रों में एमबीबीएस 2025 बैच के 36 और 2026 बैच के दो छात्र शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि 2025 बैच के दो छात्र अपने जूनियर छात्रों की रैगिंग कराने में सीनियरों की मदद कर रहे थे। कमेटी ने इन दोनों को भी दोषी मानते हुए कार्रवाई की संस्तुति की।
सभी 38 छात्रों को तीन महीने के लिए कक्षाओं और हॉस्टल से बाहर कर दिया गया है। इसके अलावा प्रत्येक दोषी छात्र पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही एक साल तक उनकी छात्रवृत्ति रोकने का भी निर्णय लिया गया है।
वायरल वीडियो के बाद शुरू हुई जांच
दरअसल, इसी माह 16 नवंबर को संस्थान परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें प्रथम वर्ष के छात्र कतार में खड़े होकर अपने वरिष्ठ छात्रों को ‘प्रणाम महोदय’ और ‘प्रणाम मैडम’ कहते नजर आ रहे थे।
वीडियो सामने आने के बाद परिसर में रैगिंग कराए जाने की आशंका जताई गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच के आदेश दिए थे।
एंटी रैगिंग कमेटी ने मामले की पड़ताल कर संबंधित छात्रों की भूमिका की जांच की। जांच रिपोर्ट और कमेटी की सिफारिश के आधार पर 38 छात्रों के खिलाफ निलंबन समेत आर्थिक दंड की कार्रवाई की गई।
हालांकि, शुरुआती दौर में संस्थान प्रशासन इस घटना को रैगिंग का मामला मानने से इनकार कर रहा था, लेकिन जांच के बाद बड़ी संख्या में छात्रों पर कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई को विश्वविद्यालय परिसर में रैगिंग पर अंकुश लगाने और जूनियर छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



