उत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबर

कॉर्निया दान अंधत्व की रोकथाम में प्रभावी माध्यम – प्रो आर हर्षवर्धन 

कॉर्निया दान को बढ़ावा देने को टास्क फोर्स की बैठक 

 

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। कॉर्निया दान को बढ़ावा देने के लिए उच्च स्तरीय बैठक की गयी।

रविवार को संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (सोट्टो ), उत्तर प्रदेश के संयुक्त निदेशक प्रो आर. हर्षवर्धन की अध्यक्षता में कॉर्निया दान एवं प्रत्यारोपण सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उच्च-स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में डॉ. शालिनी मोहन, डॉ. शेफाली मजूमदार, डॉ. अलका, डॉ. विकास कनौजिया सहित उत्तर प्रदेश में कॉर्निया दान एवं प्रत्यारोपण व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए गठित टास्क फोर्स के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

ज्ञात हो कि यह टास्क फोर्स नेत्र मंथन में प्राप्त अनुशंसाओं के आधार पर गठित की गई थी। इस राज्य-स्तरीय विचार-विमर्श में नेत्र रोग विशेषज्ञों, प्रत्यारोपण चिकित्सा विशेषज्ञों, अस्पताल प्रशासकों,

आई बैंक प्रतिनिधियों तथा अंग एवं ऊतक दान कार्यक्रम से जुड़े विशेषज्ञों ने प्रदेश में कॉर्निया दान की वर्तमान स्थिति, प्रमुख चुनौतियों तथा भावी कार्ययोजना पर व्यापक चर्चा की थी।

बैठक के दौरान कॉर्निया दान की दर में वृद्धि तथा उपलब्ध कॉर्निया के अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग के लिए एक व्यापक रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।

प्रमुख बिंदुओं में अस्पताल-आधारित आई रेट्रीवल प्रोग्राम को सुदृढ़ करना, संभावित कॉर्निया दाताओं की समयबद्ध पहचान एवं रेफरल प्रणाली को बेहतर बनाना, स्वास्थ्यकर्मियों का क्षमता संवर्धन (कैपेसिटी बिल्डिंग ), नेत्रदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना,

अस्पतालों एवं आई बैंकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा कॉर्निया के संग्रहण (रेट्रीवल ), संरक्षण (प्रेजर्वेशन ) एवं प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांटेशन ) की मानकीकृत प्रक्रियाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना शामिल रहा।

इस अवसर पर प्रो आर. हर्षवर्धन ने स्वास्थ्य संस्थानों, सरकारी एजेंसियों, आई बैंकों एवं नागरिक समाज संगठनों के साथ समन्वित प्रयासों के माध्यम से उत्तर प्रदेश में अंग एवं ऊतक दान कार्यक्रम को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सोट्टो , उत्तर प्रदेश की प्रतिबद्धता को दोहराया।

उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स की अनुशंसाएँ राज्य में कॉर्निया दान सेवाओं को नई गति प्रदान करेंगी तथा कॉर्निया जनित अंधत्व की रोकथाम एवं उपचार के लिए एक प्रभावी रोडमैप सिद्ध होंगी।

अस्पताल प्रशासन विभाग के सहयोग एवं सोट्टो , उत्तर प्रदेश के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक का समापन स्पष्ट उत्तरदायित्वों एवं निर्धारित समय-सीमा के साथ एक व्यवहारिक कार्यान्वयन योजना तैयार करने पर सहमति के साथ हुआ।

सभी सदस्यों ने प्रदेशभर में गुणवत्तापूर्ण कॉर्निया प्रत्यारोपण सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने तथा नेत्रदान के प्रति जन-जागरूकता को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button