उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराष्ट्रीय

मुख्यमंत्री ने रेल उपरिगामी ओवर ब्रिज का किया लोकार्पण किया

महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, नेपाल जाना हुआ आसान

 

गोरखपुर। लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। गोरखपुर के महानगरवासियों को महाराजगंज,सिद्धार्थ नगर बलरामपुर और नेपाल जाना आसान हो गया है। शुक्रवार को

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर-लखनऊ रेलमार्ग पर डोमिनगढ़ एवं गोरखपुर रेलवे जंक्शन के मध्य रेलवे क्रासिंग 162-ए पर पूर्व निर्मित आरओबी के समानान्तर 138 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एक नए रेल उपरिगामी सेतु का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज गोरखपुर में आवागमन के लिए गोरखनाथ ब्रिज के समानांतर एक और रेल उपरिगामी उपलब्ध हो गया है।

इससे गोरखपुर महानगरवासियों को जनपद महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और नेपाल जाने के लिए एक नया मार्ग उपलब्ध हो गया है। 600 मीटर से अधिक लम्बा यह उपरिगामी सेतु अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित है, जिसका निर्माण सेतु निगम ने एक वर्ष में किया है।

इस सेतु पर पर्याप्त प्रकाश की उपलब्धता के साथ साउण्ड बैरियर भी लगाए गए हैं। इसके दोनों तरफ नागरिकों के लिए फुटपाथ का निर्माण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास तब होता है, जब हमारी सोच सकारात्मक होती है। जब विरासत और विकास की सोच वाली डबल इंजन सरकार आती है, तो विकास भी तीव्र गति से आगे बढ़ता है। विकास ही परिवर्तन का कारक बनता है और आम जनमानस की धारणा को बदलता है।

आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहा है। उनके नेतृत्व में देश में रेल, सड़क, वायु कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के साथ ही जनता की सभी सुविधाओं के लिए नए-नए विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आगे बढ़ाये जा रहे हैं।

गरीबों को आवास, राशन, उपचार, रसोई गैस, बिजली आदि हर सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। नये भारत में हर भारतीय ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के भाव से प्रेरित होकर कार्य कर रहा है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत को एक नई पहचान प्राप्त हुई है।

आज भारत मजबूती के साथ दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। आज कोई भी शक्ति भारत को दबा नहीं सकती है। अब भारत की आवाज को दुनिया सुनती है और उसका अनुसरण भी करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के सामने पहचान का संकट नहीं है। उत्तर प्रदेश, एक नई आभा के साथ विकास के क्षेत्र में देश में अपनी एक नई पहचान बना रहा है। उत्तर प्रदेश विकास और विरासत का एक नया केंद्र बना है।

आज गोरखपुर जल जमाव, माफिया, मच्छर एवं बीमारी से मुक्त है। 08 वर्ष पूर्व गोरखपुर में बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। उत्तर प्रदेश के नागरिकों को प्रदेश के बाहर हेय दृष्टि से देखा जाता था, लोगों के सामने पहचान का संकट था। आज डबल इंजन सरकार ने अभूतपूर्व परिवर्तन करके दिखाया है। यह कार्य तभी होता है जब जनता का सहयोग प्राप्त होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में पहले जहां जाम लगता था, आज वहां 4-लेन सड़कों के कारण यातायात आसान हो गया है। बरगदवां से लेकर स्पोर्ट्स कॉलेज होते हुए मोहद्दीपुर तक की सड़क 4-लेन में परिवर्तित हो चुकी है। गोरखपुर से लखनऊ जाने के लिए लिंक एक्सप्रेस-वे के रूप में एक नया मार्ग प्राप्त हो चुका है।

आज बेहतरीन कनेक्टिविटी के कारण गोरखपुर से वाराणसी जाने में केवल ढाई से तीन घण्टे तथा लखनऊ जाने में 03 से साढे़ तीन घण्टे का समय लगता है। अब गोरखपुर में हर्बर्ट बांध पर भी मार्ग का निर्माण हो रहा है।

 गोरखपुर में एम्स भी फर्टिलाइजर कारखाना भी..

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गोरखपुर में एम्स भी है एवं फर्टिलाइजर कारखाना भी पुनः संचालित हो गया है। गोरखपुर में एम्स, बीआरडी मेडिकल कॉलेज अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ उपचार के केंद्र के रूप में स्थापित हुए हैं।

रामगढ़ताल गोरखपुर में पर्यटन का एक नया बेहतरीन गन्तव्य बना है। गोरखपुर में हर प्रकार की अवस्थापना सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। बिजली, पानी, कनेक्टिविटी, सफाई आदि की बेहतरीन सुविधा गोरखपुर में सुनिश्चित की जा चुकी है। इन्सेफेलाइटिस जैसी बीमारी का उन्मूलन किया जा चुका है। यह नए भारत के नए उत्तर प्रदेश का नया गोरखपुर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अन्य जनपदों मे भी विकास के सभी प्रकार के कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है, क्योंकि सरकार की नीयत साफ है। आज विकास के कारण अयोध्या अपनी भव्यता से त्रेतायुग जैसी अयोध्या का एहसास कराती है। वाराणसी आज भारत की आध्यात्मिक नगरी के रूप में दुनिया को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।

आज बनारस प्रधानमंत्री के सपनों का बनारस है। प्रयागराज का त्रिवेणी संगम भी अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ सबको अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। महाकुम्भ में चीन और भारत की जनसंख्या के बाद सबसे ज्यादा आबादी प्रयागराज में आई थी। महाकुम्भ में जो भी आया उसने उत्तर प्रदेश का गुणगान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सभी कार्य एक सकारात्मक प्रयास के कारण ही सम्भव हुए हैं। डबल इंजन सरकार ने प्रदेश को एक नई पहचान व सम्मान दिलाने का कार्य किया है। आज से 08 वर्ष पूर्व प्रदेश में माफियाराज हावी था। आज ‘एक जनपद एक उत्पाद’ एवं ‘एक जनपद एक मेडिकल कॉलेज’ प्रदेश की पहचान हैं।

आज प्रत्येक जनपद में एक मेडिकल कॉलेज की उपलब्धता सुनिश्चित की गयी है। कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, बहराइच, गोण्डा, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी, आजमगढ, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, मीरजापुर आदि अन्य सभी जनपदों में एक मेडिकल कॉलेज के निर्माण का कार्य सुनिश्चित किया गया है। बलिया में भी मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का पैसा प्रदेश के विकास में लगाया जा रहा है। आज सड़क, पुल, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज के निर्माण एवं अन्य विकास कार्य के रूप में यह पैसा दिखाई दे रहा है।

प्रदेश में वृद्धां को वृद्धावस्था पेंशन एवं निराश्रित महिलाओं को पेंशन दी जा रही है। दीपावली और होली में निःशुल्क गैस सिलेण्डर रिफिल दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के माध्यम से गरीब परिवार की बेटी के जन्म से लेकर शिक्षा तक की व्यवस्था प्रदेश सरकार कर रही है।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए सरकार 01 लाख रुपये प्रदान कर रही है। आज उत्तर प्रदेश रेवेन्यु सरप्लस स्टेट है। प्रदेश में विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है। विकास के लिए दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ लगातार कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ठण्ड से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। जरूरतमंदों को कम्बल वितरित किए जा रहे हैं। फुटपाथ पर कोई भी न सोए, रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है। इस दिशा में हर जनपद तत्परता से कार्य कर रहा है।

उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि अधिक ठण्ड में अनावश्यक यात्रा न करें और स्वास्थ्य सम्बन्धी किसी भी तरह की परेशानी होने पर चिकित्सीय परामर्श अवश्य लें।

कार्यक्रम को सांसद रवि किशन शुक्ल तथा गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने भी सम्बोधित किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधिग तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button