उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराष्ट्रीय

ऊर्जा आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में हासिल की अभूतपूर्व उपलब्धियां – हरदीप पुरी 

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री ने सोनभद्र का किया दौरा 

 

सोनभद्र। लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। सरकार उपलब्धियों को गिनाया गया।

शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “12 साल विरासत के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोनभद्र का दौरा किया।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत सरकार की डेल्टा रैंकिंग में सोनभद्र ने पहला स्थान प्राप्त किया है और विकास की वर्तमान गति को देखते हुए यह जनपद पिछड़ेपन की पहचान से निकलकर शीघ्र ही

एक मॉडल जनपद के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की डबल इंजन व्यवस्था ने विकास को नई दिशा और नई गति प्रदान की है।

श्री पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, आधारभूत संरचना, ऊर्जा, सामाजिक सुरक्षा, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्रों में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा विकसित भारत का संकल्प देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर समावेशी विकास सुनिश्चित करना है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आर्थिक और औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का सकल राज्य घरेलू उत्पाद वर्ष 2016-17 के लगभग 13 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर करीब 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

श्री पुरी ने कहा कि 23 हजार से अधिक स्टार्टअप, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 9 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां तथा ओडीओपी और कृषि मूल्य श्रृंखलाओं के जरिए किसानों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजारों से जोड़ने जैसे प्रयासों ने उत्तर प्रदेश को विकास और रोजगार का नया इंजन बनाया है।

श्री पुरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान मिल रही है। अयोध्या, काशी और प्रयागराज आज विश्वस्तरीय आध्यात्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में उभर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर तथा महाकुंभ से जुड़ी आधारभूत संरचना परियोजनाओं ने पर्यटन, स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक धरोहर और आधुनिक विकास का यह समन्वय विकसित भारत की मजबूत नींव है।

दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस और ब्लड डोनेट बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इसे जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

उन्होंने पंचायत रिसोर्स सेंटर में आयोजित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया, पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा रेशम विभाग सहित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया।

माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित 3-डी प्रिंटिंग, रोबोटिक्स, आईओटी और एआई आधारित नवाचारों की उन्होंने सराहना करते हुए तकनीकी शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों की जागरूकता की प्रशंसा की।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा अधिकारियों के साथ विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक कर सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, ऊर्जा एवं अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत 2.65 करोड़ तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 1.90 करोड़ लाभार्थी लाभान्वित हुए हैं।

साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button