उत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबर

प्राकृतिक प्रसव होना माँ व शिशु के लिए बेहतर विकल्प – भूमिका सिंह 

प्राकृतिक प्रसव को बढ़ावा देने के लिए निकाली जागरूकता रैली

 

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। प्राकृतिक प्रसव को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता रैली निकाली गयी। सोमवार को

वीरांगना अवंतीबाई महिला चिकित्सालय में द ट्रेन्ड नर्सेज एसोसिएशन ऑफ इंडिया की उत्तर प्रदेश राज्य शाखा ने सोसाइटी ऑफ मिडवाइव्स इंडिया के सहयोग से प्राकृतिक प्रसव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली।

रैली को सोसाइटी उत्तर प्रदेश राज्य शाखा की सचिव एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य भूमिका सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक एवं शारीरिक प्रसव प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सम्मानजनक मातृत्व देखभाल को प्रोत्साहित करना तथा मिडवाइफरी सेवाओं के महत्व को रेखांकित करना था। अभियान का संदेश था – “स्वस्थ मां, स्वस्थ शिशु, स्वस्थ राष्ट्र।”

भूमिका सिंह ने प्राकृतिक प्रसव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्राकृतिक प्रसव का अर्थ बिना ऑपरेशन के योनि मार्ग(वेजाइना) से बच्चे का जन्म होना है।

सामान्य परिस्थितियों में यह मां और शिशु दोनों के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे मां को सर्जरी से जुड़े जोखिमों से बचने में मदद मिलती है और प्रसव के बाद रिकवरी भी अपेक्षाकृत जल्दी होती है।

महिला कम समय में चलने-फिरने और अपनी सामान्य दिनचर्या में लौट सकती है। साथ ही, अस्पताल में कम समय तक रुकने की जरूरत पड़ती है। प्राकृतिक प्रसव के बाद मां और बच्चे के बीच शुरुआती संपर्क और स्तनपान शुरू करने में भी आसानी हो सकती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि हर गर्भवती महिला के लिए प्राकृतिक प्रसव संभव या सुरक्षित नहीं होता। कुछ परिस्थितियों में मां या बच्चे की जान बचाने के लिए सीजेरियन ऑपरेशन जरूरी हो सकता है।

इसलिए प्रसव का तरीका मां और बच्चे की स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर चिकित्सक को तय करना चाहिए। प्राकृतिक प्रसव को बढ़ावा देने का उद्देश्य अनावश्यक सीजेरियन से बचना है, न कि जरूरत पड़ने पर ऑपरेशन को टालना। प्रसव चाहे प्राकृतिक हो या सीजेरियन, मां और नवजात की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को प्रसव संबंधी सही जानकारी और निर्णय लेने का अधिकार मिलना चाहिए। सुरक्षित मातृत्व एवं नवजात शिशु के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए अनावश्यक चिकित्सकीय हस्तक्षेप से बचने और साक्ष्य-आधारित प्रसव पद्धतियों को बढ़ावा देने की जरूरत है।

श्रीमती सिंह ने प्राकृतिक प्रसव को प्रोत्साहित करने में सक्रिय सहयोग एवं महत्वपूर्ण योगदान के लिए बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सलमान के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही, वीरांगना अवंतीबाई महिला चिकित्सालय की पूरी नर्सिंग टीम के उत्साहपूर्ण सहभागिता और समर्पण की सराहना की।

इस आयोजन के माध्यम से सोसाइटी उत्तर प्रदेश एवं सोमी ने मिडवाइफरी सेवाओं को सशक्त बनाने तथा प्रत्येक महिला को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सकारात्मक प्रसव अनुभव उपलब्ध कराने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर डॉ. सलमान, एसजीपीजीआई के नर्सिंग विद्यार्थी, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button