उत्तर प्रदेशधर्म-अध्यात्मबड़ी खबर

जिलाधिकारी ने छठ पूजा की तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण 

जिलाधिकारी एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त ने किया विभिन्न घाटों का निरीक्षण

 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी में छठ पर्व की तैयारियो का जायजा लिया गया।

शुक्रवार को जिलाधिकारी विशाख जी एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने छठ महापर्व की तैयारियो का जायजा लेने के लिए कुड़िया घाट, झूलेलाल पार्क घाट, लक्ष्मण मेला पार्क तथा वैदेही मिथिला छठ पूजा घाट का निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों से घाटों पर चल रही तैयारियों, श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को निर्देशित किया कि घाटों पर जलस्तर नियंत्रित रखने के साथ ही जल की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।

नगर निगम को घाटों की नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार अस्थायी लाइटों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संध्या एवं प्रातःकालीन अर्घ्य के

दौरान पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध रहे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति घाटों पर कचरा व गंदगी न फैलाने पाए.

जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र में जोनल अधिकारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत के साथ समन्वय स्थापित कर अपने-अपने क्षेत्रों के छठ घाटों का निरीक्षण करें।

सभी घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराई जाएं।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि सभी घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग सुनिश्चित कराई जाए। जिन स्थानों पर पानी की गहराई अधिक है, वहां विशेष सतर्कता बरतते हुए मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाए।

इसके अतिरिक्त पर्याप्त संख्या में नावों की व्यवस्था, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, भीड़ प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन के लिए समुचित इंतजाम किए जाएं।

जिलाधिकारी ने सभी प्रमुख घाटों पर चिकित्सकों एवं मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम को घाटों के आसपास मोबाइल शौचालय, पेयजल, नियमित साफ-सफाई एवं सैनिटाइजेशन की व्यवस्था कराने के लिए निर्देशित किया।

साथ ही सभी घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य जनसुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छठ पूजा के स्थानीय आयोजकों से भी संवाद स्थापित कर तैयारियों की जानकारी ली तथा उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं को जाना।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयोजकों से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि सभी प्रमुख छठ घाटों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है, ताकि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button