तीन बच्चों की मौत: सीएमओ का निर्देश जारी, जाँच अभियान तेज
घरों का सर्वेक्षण, एंटी लार्वा का छिड़काव जारी

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी के माल क्षेत्र में तीन बच्चों की आकस्मिक मौत से क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।
वहीं शुक्रवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एनबी सिंह के निर्देशानुसार क्षेत्र में चिकित्साधिकारियों द्वारा सर्वेक्षण जारी है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माल क्षेत्र के अंतर्गत क्षेत्र ग्राम खण्डसरा में तीन बच्चों की मृत्यु की सूचना प्राप्त होने के उपरांत स्वास्थ्य भवन के डा अनिल कुमार शर्मा, परामर्शदाता, डा अंकिता सिंह, ईआईएस, डा शैलेष परिहार ईआईएस की टीम द्वारा उक्त क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण किया गया।
डॉक्टरों ने मृतक के परिजनों से वार्ता की । साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देशों के क्रम में डा निशान्त निर्वाण, जिला सर्विलान्स अधिकारी एवं डा अतुल वर्मा, पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट, जिला मलेरिया अधिकारी की टीम एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र माल की टीम द्वारा ग्राम खण्डसरा क्षेत्र में 56 घरों का भ्रमण किया गया।
जहाँ 164 कन्टेनर चेक किये गये जो निगेटिव पाये गये। वहीं क्षेत्र में 30 मलेरिया आरडीटी एवं 30 डेंगू आरडीटी टेस्ट किये गये, जो निगेटिव पाये गये। साथ ही क्षेत्र में एण्टी लार्वा रसायन का छिडकाव कराया गया।
इसके अतिरिक्त क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से लोगो को चिकित्सीय सुविधाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है।



