आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर आधारित हैंड्स-ऑन कार्यशाला
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उपयोग पर दिया जोर

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उपयोग के लाभ गिनाये।
सोमवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेल द्वारा “आर्टिफिशल इंटेलीजेंस इन हैल्थकेयर फ्रॉम नॉलेज टू प्रैक्टिस” विषय पर हैंड्स-ऑन कार्यशाला आयोजित की।
जिसका उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रो सीएम सिंह ने किया।
उन्होंने अपने संबोधन में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एआई के माध्यम से मरीजों की देखभाल, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं अस्पताल की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और सुगम बनाया जा सकता है।
उन्होंने चिकित्सकों एवं युवा संकाय सदस्यों को दैनिक चिकित्सा कार्यों की चुनौतियों के समाधान के लिए नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
साथ ही मुख्य वक्ता अनुराग धींगरा, चीफ ऑफ टेक्नोलॉजी ने एजेंटिक आर्टिफिशल इंटेलीजेंस तथा स्वास्थ्य सेवाओं में इसके व्यावहारिक उपयोग पर एक रोचक एवं संवादात्मक व्याख्यान दिया।
उन्होंने बताया कि एआई आधारित प्रणालियां चिकित्सकों के जटिल एवं दोहराव वाले कार्यों को सरल बनाने, क्लिनिकल डॉक्यूमेंटेशन को बेहतर करने, मरीजों की देखभाल से जुड़ी प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने तथा अधिक मरीजों वाले ओपीडी में कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
कार्यशाला का प्रमुख आकर्षण मेडीसेजएआई का लाइव डेमोंस्ट्रेशन रहा। जिसमें व्यस्त ओपीडी व्यवस्था में एआई आधारित क्लिनिकल असिस्टेंस टूल्स के उपयोग को प्रदर्शित किया गया।
इसके माध्यम से यह बताया गया कि किस प्रकार एआई तकनीक नियमित क्लिनिकल डॉक्यूमेंटेशन एवं वर्कफ्लो मैनेजमेंट में चिकित्सकों की सहायता कर सकती है।
इससे प्रशासनिक कार्यों का बोझ कम करने, परामर्श के समय का बेहतर उपयोग करने तथा चिकित्सकों को मरीजों की देखभाल के लिए अधिक समय उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
इस कार्यक्रम का आयोजन प्रो अजय कुमार वर्मा, नोडल ऑफिसर, एआई सेल एवं आयोजन अध्यक्ष के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मृत्युंजय सिंह, सदस्य, एआई सेल एवं आयोजन सचिव ने किया। उन्होंने अंत में धन्यवाद ज्ञापन भी प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर प्रो विक्रम सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, प्रो बीसी तिवारी, प्रभारी, जनसंपर्क प्रकोष्ठ तथा दीपक सिन्हा, आईआईटी कानपुर एवं एआई सेल के विशेष सलाहकार सहित आयोजन समिति के सदस्य डॉ. मिली सेंगर, डॉ. शिखर सिंह एवं डॉ अनुरंजन विश्वकर्मा उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान संस्थान के विभिन्न विभागों के लगभग 70–80 संकाय सदस्यों एवं रेजिडेंट चिकित्सकों ने सहभागिता की।



