डॉक्टरों ने मस्तिष्क में निकाला विकसित विशाल ट्यूमर
एसजीपीजीआई के डॉक्टरों ने मस्तिष्क ट्यूमर सर्जरी कर मरीज को दी नई जिंदगी

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। डॉक्टरों ने मस्तिष्क से विशाल ट्यूमर निकाल कर मरीज को खुशहाल जिंदगी प्रदान की है।
बिहार के सारण निवासी 23 वर्षीय युवक नितेश कुमार के मस्तिष्क में विकसित विशाल ट्यूमर से पीड़ित था, जो खोपड़ी से बाहर आकार में बाहर निकल आया था और जिसके कारण उसके ललाट पर उभरी हुई गांठ तथा आँखों में असामान्य उभार दिखाई दे रहा था।
जिससे मरीज समाज में बाहर निकलने से संकोच महसूस कर रहा था। ऐसी परिस्थिति में वह इलाज के लिए संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान पहुँचा। जहाँ ऑपरेशन से पहले, ट्यूमर के रक्त प्रवाह को न्यूरोइंटरवेंशनिस्ट डॉ. विवेक और डॉ. सूर्यकांत द्वारा कम कर दिया गया।
वहीं न्यूरोसर्जरी विभाग के प्रो. अरुण कुमार श्रीवास्तव, प्रो. कुंतल कांति दास, डॉ. स्वरजीत, सिस्टर वंदना, हेड एंड नेक सर्जन प्रो. अमित केसरी, प्लास्टिक सर्जरी विभाग की डॉ. अनुपमा तथा एनेस्थीसिया टीम के डॉ. सुमित, डॉ. सपना और डॉ. निधि के नेतृत्व में उसका ऑपरेशन किया गया।
लगभग आधा किलोग्राम वज़न का यह विशाल ट्यूमर अत्यंत सूक्ष्म एवं चुनौतीपूर्ण तकनीक के साथ निकाला गया। सफल शल्यक्रिया के पश्चात रोगी पूरी तरह स्वस्थ है। इस ऑपरेशन ने नितेश को एक बार फिर समाज का सक्रिय हिस्सा बनने का अवसर प्रदान किया है।
इस शल्यक्रिया ने संस्थान की उच्च स्तरीय चिकित्सा क्षमता और चिकित्सकों की दक्षता को एक बार फिर सिद्ध किया है। चिकित्सकों के अनुसार, इतनी बड़ी मात्रा में ट्यूमर का सुरक्षित रूप से निकाल पाना चिकित्सा विज्ञान के लिए भी उल्लेखनीय उपलब्धि है।
रोगी तथा उसके परिवार ने डॉक्टरों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की है। संस्थान प्रशासन ने भी इस सफल टीमवर्क की सराहना करते हुए इसे चिकित्सा जगत के लिए प्रेरणादायक बताया।



