योगी सरकार ने अस्पतालों पर कसा शिकंजा
अनावश्यक जांच कराने वाले अस्पतालों की सूचीबद्धता हो सकती है समाप्त

जांच रिपोर्ट पर पैथोलॉजिस्ट के हस्ताक्षर और रजिस्ट्रेशन नंबर अनिवार्य, मशीन से निकली रिपोर्ट में बदलाव करने पर होगी कार्रवाई
फर्जी रिपोर्ट अपलोड करने और अनावश्यक जांच कराने वाले अस्पतालों की सूचीबद्धता हो सकती है समाप्त, सैंपल से रिपोर्ट तक हर प्रक्रिया का रखना होगा रिकॉर्ड
लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत मरीजों के इलाज में फर्जीवाड़ा, अनियमितता और जांच रिपोर्टों में हेरफेर करने वाले अस्पतालों की अब खैर नहीं।
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश सरकार ने योजना में पारदर्शिता और मरीजों के हितों की रक्षा के लिए सख्त कदम उठाया है।
निजी पैथोलॉजी लैब और कुछ चिकित्सकों की कथित मिलीभगत से फर्जी रिपोर्ट तैयार करने तथा मरीजों को अनावश्यक जांचों के लिए भेजने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने नए दिशा-निर्देश लागू किए हैं।
अब आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में पैथोलॉजी जांच रिपोर्ट बिना योग्य एवं पंजीकृत पैथोलॉजिस्ट के सत्यापन और हस्ताक्षर के मान्य नहीं होगी। रिपोर्ट पर विशेषज्ञ का नाम, शैक्षणिक योग्यता और पंजीकरण संख्या दर्ज करना अनिवार्य कर दिया गया है।
इतना ही नहीं, मशीन से तैयार जांच रिपोर्ट में मैनुअल बदलाव या हेरफेर करने पर भी कार्रवाई होगी। गंभीर अनियमितता मिलने पर संबंधित अस्पताल की आयुष्मान योजना के तहत मान्यता यानी सूचीबद्धता तक समाप्त की जा सकती है।



