उत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबर

एक मिनट में मिलेगी टीबी की जानकारी- डॉ. सूर्यकान्त

केजीएमयू एआई तकनीक से लैस हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन स्थापित

 

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। टीबी मरीजों को जाँच रिपोर्ट के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

मंगलवार को उत्तर प्रदेश राज्य टीबी सेल द्वारा किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में एआई तकनीक से लैस हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन स्थापित की गई है।

पोर्टेबल एक्स-रे तकनीक की मदद से मरीजों को पारंपरिक एक्स-रे केंद्र तक ले जाए बिना, निदान और उपचार स्थल पर ही एक्स-रे किया जा सकता है।

इसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक को भी जोड़ा गया है, जो छाती के एक्स-रे की जांच और फेफड़ों की टीबी से जुड़े संभावित असामान्य लक्षणों की पहचान करने में मदद करती है।

इससे बीमारी का शुरुआती स्तर पर आकलन करना आसान होगा और समय पर उपचार शुरू करने में सहायता मिलेगी। वहीं

रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. सूर्यकान्त ने बताया कि हमारे विभाग में पहले से ही पर्याप्त आधुनिक डिजिटल एक्स-रे सुविधाएं उपलब्ध हैं।

इसके बावजूद, नई एआई तकनीक से लैस पोर्टेबल मशीन से जांच की गति बढ़ेगी और मरीजों को अधिक आसानी तथा सुविधा मिलेगी। इस मशीन की मदद से लगभग एक मिनट में एक्स-रे की तस्वीर उपलब्ध हो जाती है।

इसके अलावा, एक्स-रे की तस्वीरें भविष्य में उपयोग के लिए मरीजों या उनके परिजनों के साथ सीधे व्हाट्सएप के माध्यम से भी साझा की जा सकती हैं।

हमारे विभाग में बड़ी संख्या में मरीज आते हैं। ऐसे में यह तकनीक एक्स-रे जांच की व्यवस्था को बेहतर बनाने और मरीजों की भीड़ कम करने में सहायक होगी। मशीन को आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा सकता है।

जिससे गंभीर रूप से बीमार और चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों का उनके बिस्तर पर ही एक्स-रे किया जा सकेगा।

प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के नेशनल टास्क फोर्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सूर्यकान्त ने बताया कि निःशुल्क स्वास्थ्य एवं टीबी जांच शिविरों में भी इस मशीन का उपयोग किया जा सकेगा।

इससे समुदाय के बीच जाकर टीबी के मरीजों की सक्रिय रूप से पहचान करने और बीमारी का समय रहते पता लगाने में मदद मिलेगी।

यह मशीन टीबी के खिलाफ हमारी सामूहिक लड़ाई और प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण सहायक उपकरण साबित होगी। इस उपयोगी पहल के लिए मैं उत्तर प्रदेश राज्य टीबी सेल का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

इस अवसर पर विभाग के एक्स-रे तकनीशियनों को मशीन के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। संस्थान कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी।

उन्होंने कहा कि एआई तकनीक से युक्त हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन की स्थापना टीबी की शीघ्र पहचान और प्रभावी जांच की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस आधुनिक तकनीक से मरीजों को कम समय में जांच की सुविधा मिलेगी। यह पहल टीबी उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई।

इस मौके पर डॉ. राजेश झा राज्य टीबी अधिकारी, डॉ. ऋषि सक्सेना उप राज्य टीबी अधिकारी उत्तर प्रदेश, डॉ. दर्शन के. बजाज नोडल अधिकारी,

डॉ. ज्योति बाजपेयी एसोसिएट प्रोफेसर तथा डॉ. अंकित कटियार एसोसिएट प्रोफेसर उपस्थित रहे। इसके साथ ही विभाग के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टर और डॉट्स सेंटर के कर्मचारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

जानें रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में उपलब्ध सुविधाएं..

रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में आधुनिक सुविधाओं से युक्त पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन सेंटर (पीआरसी) भी संचालित है। यहां सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को निःशुल्क और व्यापक पुनर्वास सेवाएं प्रदान की जाती हैं।

इसमें टीबी के बाद होने वाली फेफड़ों की बीमारी (पोस्ट ट्यूबरकुलोसिस लंग डिजीज- पीटीएलडी) से पीड़ित मरीज भी शामिल हैं।

नई एक्स-रे मशीन से पीटीएलडी मरीजों की जांच, एक्स-रे के माध्यम से बीमारी का आकलन और नियमित फॉलोअप करने में भी मदद मिलेगी। इससे इन मरीजों का बेहतर उपचार और देखभाल संभव हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button