उत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबर

हृदय रोगों की रोकथाम को जागरूकता जरुरी – डॉ बीके सिंह 

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने विश्व हृदय दिवस पर किया जागरूक 

 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। विश्व हृदय दिवस पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने जानकारी साझा की।

मंगलवार को बलरामपुर अस्पताल में हृदय रोगों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने हृदय रोगों से बचाव, समय पर जांच एवं उपचार तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर जानकारी दी। जिसमें हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. यूसुफ अंसारी ने हृदय रोगों के प्रमुख कारणों एवं उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि उच्च रक्तचाप, मधुमेह, बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल, धूम्रपान, मोटापा, तनाव तथा शारीरिक निष्क्रियता हृदय रोगों के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल हैं।

उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा तंबाकू से दूरी बनाए रखने की अपील की। वहीं अस्पताल

निदेशक डॉ. बीकेएस चौहान ने कहा कि हृदय रोगों की रोकथाम के लिए जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर तथा जोखिम कारकों की समय रहते पहचान कर हृदय रोगों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके तीमारदारों को भी हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाना आवश्यक है।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने कहा कि हृदय रोग केवल अधिक उम्र के लोगों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बदलती जीवनशैली के कारण कम उम्र के लोगों में भी इसके जोखिम बढ़ रहे हैं।

उन्होंने नियमित रक्तचाप, रक्त शर्करा एवं कोलेस्ट्रॉल की जांच कराने तथा किसी भी संदिग्ध लक्षण को नजरअंदाज न करने की सलाह दी।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सीने में दर्द, सांस फूलना, अत्यधिक पसीना, बेचैनी या अचानक कमजोरी जैसे लक्षणों को गंभीरता से लेना चाहिए और ऐसी स्थिति में मरीज को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि हृदय रोगों में समय पर उपचार अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी हृदय स्वास्थ्य के संबंध में लोगों को जागरूक किया।कार्यक्रम में अस्पताल के नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

छात्र-छात्राओं द्वारा हृदय स्वास्थ्य एवं हृदय रोगों से बचाव से संबंधित पोस्टर प्रस्तुत किए गए तथा उपस्थित लोगों को जागरूक करते हुए महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

साथ ही लोगों से संतुलित आहार लेने, नियमित शारीरिक गतिविधि करने, धूम्रपान एवं तंबाकू से दूर रहने, तनाव को नियंत्रित करने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की गई।

इस मौके पर अस्पताल के विभिन्न विभागों के चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button